सूरत : ओलपाड में बिना मान्यता अस्पताल चलाने वालों पर स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई

अटोदरा में क्लिनिक और अस्पताल पर छापा, डिग्री प्रमाण पत्र नहीं दिखा सके संचालक

सूरत : ओलपाड में बिना मान्यता अस्पताल चलाने वालों पर स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई

सूरत।राज्य के स्वास्थ्य मंत्री प्रफुलभाई पानशेरिया के मार्गदर्शन में जिला और तालुका स्वास्थ्य विभाग द्वारा नैदानिक स्थापना अधिनियम तथा गुजरात मेडिकल प्रैक्टिशनर एक्ट-1963 के तहत लगातार निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में ओलपाड तालुका के अटोदरा क्षेत्र में दो चिकित्सा संस्थानों पर कार्रवाई की गई।

जानकारी के अनुसार, 20 मई 2026 की शाम करीब 6:45 बजे तालुका स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. चिराग के. पटेल और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधिकारी डॉ.  राजेश के. गुर्जर ने अटोदरा चौकड़ी, सायण-ओलपाड रोड स्थितश्री हेल्थ केयर क्लिनिक और वंश अस्पताल  का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान वहां मौजूद कर्मचारी और डॉक्टर आवश्यक डिग्री तथा प्रमाण पत्र प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ओलपाड पुलिस स्टेशन की सहायता से संबंधित लोगों से पूछताछ की।

प्राथमिक जांच में सामने आया कि श्री हेल्थ केयर क्लिनिक की संचालिका श्रीमती चांदनी गुप्ता और वंश हॉस्पिटल के संचालक आर.एस. वाजा बिना आवश्यक योग्यताओं के क्लिनिक और अस्पताल संचालित कर रहे थे। इसके आधार पर स्वास्थ्य विभाग और पुलिस प्रशासन द्वारा संबंधित संस्थाओं के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है।

स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिना मान्यता और योग्य चिकित्सकीय स्टाफ के अस्पताल या क्लिनिक संचालित करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा।

Tags: Surat