सूरत : अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन की राष्ट्रीय कार्य समिति बैठक 30-31 मई को इंदौर में

 सामाजिक, व्यापारिक और संगठनात्मक मुद्दों पर होगी व्यापक चर्चा, देशभर से जुटेंगे प्रतिनिधि

सूरत : अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन की राष्ट्रीय कार्य समिति बैठक 30-31 मई को इंदौर में

अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन की राष्ट्रीय कार्य समिति की महत्वपूर्ण बैठक 30 एवं 31 मई 2026 को इंदौर स्थित सिमचा रिजॉर्ट्स में आयोजित की जाएगी। इस दो दिवसीय राष्ट्रीय बैठक में देशभर से संगठन के पदाधिकारी, प्रतिनिधि एवं सदस्य भाग लेंगे। बैठक को लेकर संगठन की सूरत इकाई द्वारा वेसू में एक विशेष तैयारी बैठक आयोजित की गई।

बैठक में संगठन के राष्ट्रीय महामंत्री राजेश भारूका ने राष्ट्रीय कार्य समिति की रूपरेखा एवं प्रस्तावित निर्णयों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस राष्ट्रीय बैठक में सामाजिक, राजनीतिक, व्यापारिक एवं संगठनात्मक विषयों पर व्यापक चर्चा की जाएगी तथा कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे।

राष्ट्रीय कार्य समिति की बैठक में समाजहित से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर मंथन होगा। इनमें अग्रसेन ग्लोबल अवार्ड, युवक-युवती परिचय सम्मेलन, सामूहिक विवाह, शिक्षा सहायता कोष, डिजिटल डेटा बैंक, रोजगार सहायता मंच, सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध अभियान, अग्र पंचायत गठन एवं राष्ट्रीय स्तर पर संगठन विस्तार जैसे महत्वपूर्ण विषय प्रमुख रहेंगे।

संगठन पदाधिकारियों के अनुसार यह बैठक संगठन की भावी दिशा तय करने वाली ऐतिहासिक बैठक साबित होगी। इसके माध्यम से समाज को राष्ट्रीय स्तर पर अधिक संगठित एवं सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाने की संभावना है।

बैठक में गुजरात से प्रदेश अध्यक्ष रतनलाल दारुका, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अशोक टिबरेवाल, सूरत जिला अध्यक्ष सचिन सिंगला, महामंत्री दीपक बंका, गुजरात प्रदेश विकास महासभा के अध्यक्ष दिनेश गर्ग एवं महामंत्री संजीव अग्रवाल सहित 40 से अधिक सदस्य राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक में शामिल होंगे।

Tags: Surat