सूरत : बैंक ऑफ बड़ौदा ने bob ePay पर लॉन्च की नई डिजिटल पेमेंट सुविधाएं

बायोमैट्रिक भुगतान, फेस ऑथेंटिकेशन और IoT आधारित यूपीआई पेमेंट से ग्राहकों को मिलेगा तेज और सुरक्षित अनुभव

सूरत : बैंक ऑफ बड़ौदा ने bob ePay पर लॉन्च की नई डिजिटल पेमेंट सुविधाएं

सूरत। बैंक ऑफ बड़ौदा ने अपने यूनिवर्सल यूपीआई ऐप “bob ePay” पर डिजिटल भुगतान को और अधिक सुरक्षित, तेज और सुविधाजनक बनाने के लिए तीन नई अत्याधुनिक सुविधाओं की घोषणा की है। इनमें मोबाइल ओएस-नेटिव बायोमैट्रिक ऑथेंटिकेशन, यूआईडीएआई आधारित फेस ऑथेंटिकेशन तथा इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT) आधारित यूपीआई भुगतान शामिल हैं।

मुंबई में की गई इस घोषणा के अनुसार, bob ePay सभी बैंकों के ग्राहकों के लिए उपलब्ध एक यूनिवर्सल यूपीआई ऐप है। बैंक का कहना है कि इन नई सुविधाओं का उद्देश्य ग्राहकों को अधिक सहज और सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग अनुभव प्रदान करना है।

बैंक ऑफ बड़ौदा के कार्यपालक निदेशक संजय मुदालियर ने कहा कि आज के दौर में ग्राहक बाधारहित, तेज और सुरक्षित डिजिटल भुगतान की अपेक्षा रखते हैं। उन्होंने बताया कि नई तकनीकों के जरिए बैंक सुरक्षा को मजबूत करने के साथ-साथ उपयोगकर्ता अनुभव को भी बेहतर बना रहा है।

बायोमैट्रिक से होगा यूपीआई भुगतान

नई सुविधा के तहत ग्राहक अब अपने मोबाइल फोन में रजिस्टर्ड फिंगरप्रिंट या फेस आईडी का उपयोग करके ₹5,000 तक के यूपीआई ट्रांजैक्शन को अधिकृत कर सकेंगे। इससे बार-बार यूपीआई पिन दर्ज करने की जरूरत कम होगी और भुगतान प्रक्रिया अधिक तेज व सरल बन सकेगी।

यह सुविधा पिन रहित भुगतान को संभव बनाती है, जबकि सुरक्षा के स्तर को भी मजबूत करती है, क्योंकि केवल डिवाइस का पंजीकृत उपयोगकर्ता ही बायोमैट्रिक ऑथेंटिकेशन के जरिए लेनदेन को मंजूरी दे सकेगा। ग्राहक चाहें तो यूपीआई पिन या बायोमैट्रिक दोनों में से किसी एक विकल्प का उपयोग कर सकते हैं। यह सुविधा व्यक्ति-से-व्यक्ति (P2P), व्यक्ति-से-व्यापारी (P2M) लेनदेन और बैलेंस जांच जैसी सेवाओं के लिए उपलब्ध रहेगी।

फेस ऑथेंटिकेशन से यूपीआई पिन सेट और रीसेट

बैंक ने यूपीआई पिन सेट या रीसेट करने के लिए यूआईडीएआई आधारित फेस ऑथेंटिकेशन सुविधा भी शुरू की है। इसके जरिए ग्राहक अब डेबिट कार्ड या पारंपरिक आधार सत्यापन प्रक्रिया पर निर्भर हुए बिना चेहरे की पहचान और बैंक ओटीपी के माध्यम से सुरक्षित रूप से अपना यूपीआई पिन सेट या रीसेट कर सकेंगे।

स्मार्ट डिवाइस और वाहनों से भी होगा भुगतान

IoT आधारित भुगतान सुविधा के जरिए ग्राहक अब सपोर्टेड स्मार्ट डिवाइस और कनेक्टेड वाहनों को bob ePay से लिंक कर सीधे यूपीआई भुगतान कर सकेंगे। बैंक के अनुसार यह सुविधा डिजिटल भुगतान को स्मार्टफोन से आगे ले जाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

यह सिस्टम “डेलिगेटेड पेमेंट्स फ्रेमवर्क” पर आधारित है, जिसमें प्राथमिक उपयोगकर्ता किसी द्वितीयक उपयोगकर्ता या डिवाइस को निर्धारित सीमा के भीतर भुगतान की अनुमति दे सकता है। बैंक ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक IoT डिवाइस एक समय में केवल एक ही प्राथमिक उपयोगकर्ता से जुड़ा रहेगा, जिससे लेनदेन की जवाबदेही और सुरक्षा सुनिश्चित हो सकेगी।

बैंक ऑफ बड़ौदा का कहना है कि इन नई सुविधाओं के जरिए bob ePay डिजिटल भुगतान के क्षेत्र में नवाचार और ग्राहक सुरक्षा दोनों को नई मजबूती प्रदान करेगा।