सूरत : महालक्ष्मी विश्व शक्तिधाम में एकादशी पर हुआ विशेष तुलसी पूजन

 अधिक मास के अवसर पर महिला श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और विधि-विधान से की पूजा-अर्चना

सूरत : महालक्ष्मी विश्व शक्तिधाम में एकादशी पर हुआ विशेष तुलसी पूजन

सूरत के आनंद महल रोड, अडाजण स्थित श्री महालक्ष्मी विश्व शक्तिधाम मंदिर में अधिक मास के उपलक्ष्य में मंगलवार को विशेष तुलसी पूजन का आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया गया। एकादशी के पावन अवसर पर आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालुओं ने भाग लेकर तुलसी मैया की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।

मंदिर के महंत हितेशभाई ने बताया कि अधिक मास में तुलसी पूजन का विशेष महत्व माना जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार इस दौरान तुलसी पूजन करने से भगवान श्री विष्णु एवं माता लक्ष्मी की विशेष कृपा प्राप्त होती है तथा परिवार में सुख-समृद्धि बनी रहती है।

दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक चले इस अनुष्ठान में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। मंदिर परिसर पूरे समय भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर रहा। पूजा-अर्चना के पश्चात श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद का वितरण भी किया गया।

Tags: Surat