सूरत : वापी में स्क्रैप गोदाम की आड़ में चल रही ड्रग फैक्ट्री का भंडाफोड़

ATS और SOG की संयुक्त कार्रवाई में ₹1 करोड़ से अधिक का मेफेड्रोन ड्रग्स व केमिकल जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार

सूरत : वापी में स्क्रैप गोदाम की आड़ में चल रही ड्रग फैक्ट्री का भंडाफोड़

सूरत। गुजरात में नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्लीन’ के तहत  गुजरात एटीएस और वलसाड जिला वलसाड एसओजी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है।

औद्योगिक शहर वापी में अवैध रूप से मेफेड्रोन (MD) ड्रग्स बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया है। पुलिस ने छापेमारी कर ड्रग्स निर्माण में उपयोग किए जा रहे केमिकल, उपकरण और तैयार माल के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, वापी के एक इलाके में स्क्रैप गोदाम की आड़ में यह अवैध कारोबार संचालित किया जा रहा था। आरोपी बाहर से केमिकल और लिक्विड पदार्थ मंगाकर गोदाम में प्रोसेस करते थे।

बाद में इस लिक्विड को सुखाकर हाई क्वालिटी मेफेड्रोन पाउडर तैयार किया जाता था। संदेह से बचने के लिए गोदाम को स्क्रैप यूनिट के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था।

संयुक्त कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक आरोपी वापी का निवासी बताया जा रहा है, जबकि दूसरा आरोपी दमन का रहने वाला है।

छापेमारी में पुलिस ने बड़ी मात्रा में प्रोसेस्ड केमिकल, कच्चा माल, ड्रग्स निर्माण उपकरण और तैयार मेफेड्रोन ड्रग्स जब्त किए हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में जब्त माल की कीमत ₹1 करोड़ से अधिक आंकी गई है।

जांच एजेंसियों का मानना है कि यह मामला किसी बड़े ड्रग नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि फैक्ट्री कब से संचालित हो रही थी, कच्चा माल कहां से मंगाया जाता था और तैयार ड्रग्स की सप्लाई गुजरात समेत किन राज्यों में की जानी थी।

एटीएस और एसओजी ने पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी है और आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम सामने आने की संभावना जताई जा रही है।

Tags: Surat