वडोदरा : वासद-रनोली सेक्शन में मेगा ब्लॉक, 27 मई को कई ट्रेनें रहेंगी प्रभावित

इंटरसिटी ट्रेनों के रद्द होने के साथ शताब्दी समेत कई गाड़ियां देरी से चलेंगी

वडोदरा : वासद-रनोली सेक्शन में मेगा ब्लॉक, 27 मई को कई ट्रेनें रहेंगी प्रभावित

 पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल अंतर्गत वासद-रनोली स्टेशनों के बीच ब्रिज नंबर 624 की अप लाइन पर री-गर्डरिंग कार्य के चलते 27 मई 2026 (बुधवार) को 11:15 बजे से 16:45 बजे तक 5 घंटे 30 मिनट का मेगा ब्लॉक लिया जाएगा। इसके कारण मंडल से गुजरने वाली कई ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ेगा। रेलवे प्रशासन के अनुसार कुछ ट्रेनों को पूर्णतः निरस्त किया गया है, जबकि कुछ ट्रेनों को आंशिक रूप से रद्द, रिशेड्यूल और रेगुलेट किया जाएगा।

पूर्णतः निरस्त रहने वाली ट्रेनों में ट्रेन संख्या 19036 मणिनगर-वडोदरा इंटरसिटी एक्सप्रेस, ट्रेन संख्या 19035 वडोदरा-मणिनगर इंटरसिटी एक्सप्रेस तथा ट्रेन संख्या 12930 वडोदरा-वलसाड इंटरसिटी एक्सप्रेस शामिल हैं। वहीं ट्रेन संख्या 22960 जामनगर-वडोदरा इंटरसिटी एक्सप्रेस अहमदाबाद स्टेशन पर शॉर्ट टर्मिनेट होगी और अहमदाबाद से वडोदरा के बीच आंशिक रूप से निरस्त रहेगी। इसके अलावा ट्रेन संख्या 12010 अहमदाबाद-मुंबई सेंट्रल शताब्दी एक्सप्रेस को 40 मिनट रिशेड्यूल किया गया है।

मेगा ब्लॉक के कारण कुछ ट्रेनों को मार्ग में रेगुलेट भी किया जाएगा। इनमें ट्रेन संख्या 16533 भगत की कोठी-केएसआर बेंगलुरु एक्सप्रेस 55 मिनट, ट्रेन संख्या 12477 जामनगर-श्री माता वैष्णो देवी कटरा एक्सप्रेस 50 मिनट तथा ट्रेन संख्या 20626 भगत की कोठी-एमजीआर चेन्नई सेंट्रल एक्सप्रेस 55 मिनट देरी से संचालित होगी।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रेनों की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें। ट्रेनों के परिचालन समय, ठहराव और अन्य जानकारी के लिए यात्री (https://www.enquiry.indianrail.gov.in) का अवलोकन कर सकते हैं।

Tags: Vadodara