IPL में गरमाया माहौल: विराट कोहली और ट्रेविस हेड के बीच तीखी बहस, मैच के बाद हाथ न मिलाने की वीडियो वायरल

IPL में गरमाया माहौल: विराट कोहली और ट्रेविस हेड के बीच तीखी बहस, मैच के बाद हाथ न मिलाने की वीडियो वायरल

हैदराबाद, 23 मई (वेब वार्ता)। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच हुए मुकाबले के बाद एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है।

मैच में SRH की 55 रनों से शानदार जीत के बाद, विराट कोहली को विपक्षी ओपनर ट्रेविस हेड के साथ पारंपरिक ‘हैंडशेक’ रस्म को नजरअंदाज करते देखा गया। हालांकि, कोहली ने टीम के अन्य खिलाड़ियों से गर्मजोशी से मुलाकात की, लेकिन हेड से उनकी दूरी ने प्रशंसकों के बीच कई तरह की अटकलें तेज कर दी हैं।

 दोनों खिलाड़ियों के बीच यह विवाद मैच के दौरान ही शुरू हो गया था। पहली पारी में ट्रेविस हेड के विकेट गिरने पर कोहली का आक्रामक जश्न और फिर दूसरी पारी में बल्लेबाजी के दौरान दोनों दिग्गजों के बीच तीखी जुबानी जंग देखी गई।

कोहली द्वारा हेड को गेंदबाजी की चुनौती देने के बाद, जब कोहली आउट हुए तो हेड ने कथित तौर पर तंज कसते हुए उन पर टिप्पणी की। बाद में खुद हेड गेंदबाजी करने आए और महत्वपूर्ण विकेट भी झटका, जिससे मैदान पर तनाव और बढ़ गया।

मैच के प्रदर्शन की बात करें तो हैदराबाद ने ईशान किशन और अभिषेक शर्मा की तूफानी पारियों की बदौलत 255 रनों का विशाल लक्ष्य रखा था। इसके जवाब में आरसीबी की टीम निर्धारित ओवरों में 200 रन ही बना सकी और 55 रनों से मैच हार गई।

रजत पाटीदार के संघर्षपूर्ण अर्धशतक के बावजूद बेंगलुरु की टीम हैदराबाद के गेंदबाजी आक्रमण के आगे टिक नहीं पाई। इस रोमांचक मुकाबले ने खेल के परिणाम के साथ-साथ खिलाड़ियों के बीच के व्यक्तिगत टकराव के कारण भी खूब सुर्खियां बटोरीं।