गुजरात में मिलावटखोरों पर सख्त कार्रवाई: तलोद की भोलेनाथ डेयरी पर छापा, 2,548 किलो मिलावटी मावा जब्त

स्वास्थ्य राज्य मंत्री प्रफुल पानशेरिया के निर्देश पर फ्लाइंग स्क्वॉड की बड़ी कार्रवाई, गंदगी में तैयार 550 किलो मावा मौके पर नष्ट

गुजरात में मिलावटखोरों पर सख्त कार्रवाई: तलोद की भोलेनाथ डेयरी पर छापा, 2,548 किलो मिलावटी मावा जब्त

सूरत। गुजरात सरकार द्वारा राज्यभर में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत साबरकांठा जिले के तलोद तालुका स्थित रोजद गांव में भोलेनाथ डेयरी पर फूड एंड ड्रग्स विभाग की फ्लाइंग स्क्वॉड ने बड़ी कार्रवाई की है।

प्रफुल पानशेरिया के निर्देश और मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में करीब 2,548 किलो मिलावटी मावा जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 5.10 लाख रुपये बताई गई है।

स्वास्थ्य राज्य मंत्री प्रफुल पंशेरिया ने बताया कि गांधीनगर फ्लाइंग स्क्वॉड को मिली विशेष सूचना के आधार पर डेयरी पर अचानक छापा मारा गया। जांच में सामने आया कि डेयरी में बड़े पैमाने पर मिलावटी मावा तैयार किया जा रहा था। इसके अलावा बिना जरूरी अनुमति और लाइसेंस के मिठाई एवं बर्फी का उत्पादन भी किया जा रहा था।

फूड सेफ्टी अधिकारियों ने मौके से मावा और बर्फी के सैंपल लेकर उन्हें जांच के लिए लैब में भेज दिया है। निरीक्षण के दौरान डेयरी परिसर में भारी गंदगी और अस्वच्छ परिस्थितियां पाई गईं। अधिकारियों ने लोगों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए लगभग 550 किलो खाने योग्य नहीं पाए गए मावे को मौके पर ही नष्ट कर दिया।

नियमों के उल्लंघन को गंभीर मानते हुए विभाग ने डेयरी को'फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट' के प्रावधानों के तहत सुधार नोटिस जारी किया है। साथ ही डेयरी का फूड लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनता की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ किसी भी तरह की नरमी नहीं बरतेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि फूड एंड ड्रग्स विभाग भविष्य में भी ऐसे गैरकानूनी और मिलावटी कारोबार करने वालों के खिलाफ लगातार सख्त जांच और कार्रवाई जारी रखेगा।

Tags: Surat