सूरत : केंद्रीय मंत्री सी.आर. पाटिल ने किया डिजिटल ‘सेल्फ-सेंसस’ अभियान का शुभारंभ
नागरिकों से ऑनलाइन जनगणना प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी की अपील, कहा- सही डेटा से ही विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा
सूरत। सूरत में भारत सरकार के ‘सेल्फ-सेंसस-2027’ अभियान के तहत केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर.पाटील ने अपने परिवार की जानकारी ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज कर डिजिटल जनगणना प्रक्रिया में भाग लिया।
इसके साथ ही उन्होंने देशभर के नागरिकों से इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय रूप से जुड़ने की अपील की।
केंद्रीय मंत्री सी.आर. पाटिल ने अपने संदेश में कहा कि जनगणना केवल एक सांख्यिकीय प्रक्रिया नहीं, बल्कि देश की विकास योजनाओं और नीति निर्माण की मजबूत आधारशिला है।
उन्होंने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर सरकार स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास, रोजगार और परिवहन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में संसाधनों का उचित वितरण सुनिश्चित करती है।
उन्होंने कहा कि सही और व्यापक डेटा के माध्यम से ही विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति और दूरदराज के क्षेत्रों तक प्रभावी रूप से पहुंचाया जा सकता है।
भारत सरकार द्वारा शुरू किए गए इस अभियान के पहले चरण के तहत 17 मई से 31 मई 2026 तक ‘सेल्फ-एन्यूमरेशन’ प्रक्रिया चलाई जा रही है। इस डिजिटल सुविधा के माध्यम से नागरिक घर बैठे ऑनलाइन अपनी और अपने परिवार की जानकारी सुरक्षित तरीके से दर्ज कर सकते हैं।
सी.आर. पाटिल ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग इस अभियान में जिम्मेदारी के साथ भाग लें और देश के विकास में अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि “हमारा सेंसस, हमारा विकास” अभियान भारत को अधिक मजबूत, योजनाबद्ध और समावेशी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
इस अवसर पर एम. नागराजन, राकेश मोदी, परेश पटेल सहित जनगणना विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
