सूरत : सेवा और समर्पण की प्रतिमूर्ति नर्सों का ब्रह्माकुमारीज़ वराछा सेवा केंद्र में सम्मान
अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में नर्सों की मानवता और समर्पण भावना को किया गया नमन
अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस के अवसर पर ब्रह्माकुमारीज़ सुरत वराछा सेवा केंद्र द्वारा सेवा, समर्पण और करुणा की जीवंत प्रतिमूर्ति समान नर्स भाई-बहनों के सम्मान में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नर्सिंग क्षेत्र से जुड़े भाई-बहनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम की शुरुआत नर्स भाई-बहनों के स्वागत से हुई, जिसमें उन्हें स्वमान की सुंदर मालाएं एवं पुष्प अर्पित किए गए। तत्पश्चात ब्रह्माकुमारी कृपाली बहन ने ओमकार महामंत्र की पवित्र ध्वनि एवं परमात्म स्मृति गीत के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ कराया।
इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी तृप्ति बहन — वराछा सेवा केंद्र संचालिका, डॉ. प्रफुलभाई शिरोया, डॉ. विनोदभाई — भार्गव क्लिनिक, भ्राता किरणभाई दोमड़िया — टी. एंड टी. वाय. इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग, वार्ड नंबर 14 की कॉर्पोरेटर भगिनी मायाबेन मावाणी तथा गायनेकोलॉजिस्ट डॉ. पूर्वी मालव्या शिरोया विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
इसके पश्चात ब्रह्माकुमारी तृप्ति बहन ने सभी अतिथियों को ईश्वरीय स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। अपने प्रेरणादायी संबोधन में उन्होंने कहा कि नर्सें दिन-रात अपने आराम और परिवार की चिंता किए बिना रोगियों की सेवा में तत्पर रहती हैं, इसलिए वे वास्तव में मानवता की सजीव प्रतिमा हैं। उन्होंने नर्सों को तनावमुक्त रहने के लिए प्रतिदिन राजयोग मेडिटेशन का अभ्यास करने की प्रेरणा भी दी।
डॉ. प्रफुलभाई शिरोया ने कहा कि समाज में नर्सों की भूमिका अत्यंत गौरवपूर्ण और प्रेरणादायी है। विशेषकर कोरोना काल जैसी विषम परिस्थितियों में नर्सों ने अपनी निष्ठा और समर्पण से समाज के सामने आदर्श प्रस्तुत किया है।
भ्राता किरणभाई दोमड़िया ने अपने वक्तव्य में कहा कि नर्सें स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र की सबसे महत्वपूर्ण और अविभाज्य कड़ी हैं। वहीं कॉर्पोरेटर मायाबेन मावाणी ने सभी नर्स भाई-बहनों को उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य और निरंतर सेवा कार्यों के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान ब्रह्माकुमारी श्वेता बहन, ब्रह्माकुमारी सोनल बहन एवं ब्रह्माकुमारी कृपाली बहन द्वारा प्रेरणादायी नारे एवं संकल्प दिलवाए गए, जिससे उपस्थित नर्स भाई-बहनों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ। ब्रह्माकुमारी सोनल बहन के विशेष योगदान के लिए उनका हृदयपूर्वक आभार भी व्यक्त किया गया।
अंत में सभी नर्स भाई-बहनों को विजय तिलक, सम्मान चिन्ह एवं ब्लेसिंग कार्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का प्रभावी मंच संचालन ब्रह्माकुमारी अनीशा बहन ने किया। कार्यक्रम के समापन पर सभी ने पवित्र ब्रह्माभोजन ग्रहण किया। संपूर्ण कार्यक्रम ब्रह्माकुमारी तृप्ति बहन के सफल नेतृत्व में सम्पन्न हुआ।
