सूरत : ई-वेस्ट डोनेशन ड्राइव में जुटा 350 किलो इलेक्ट्रॉनिक कचरा

लायंस क्लब ऑफ सूरत क्रिस्टल की पहल, पर्यावरण संरक्षण के लिए लोगों को किया जागरूक

सूरत : ई-वेस्ट डोनेशन ड्राइव में जुटा 350 किलो इलेक्ट्रॉनिक कचरा

 पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए लायंस क्लब ऑफ सूरत क्रिस्टल द्वारा ई-वेस्ट डोनेशन ड्राइव का सफल आयोजन किया गया। इस अभियान के दौरान करीब 350 किलो ई-वेस्ट संग्रहित किया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को इलेक्ट्रॉनिक कचरे के सुरक्षित निपटान तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम का आयोजन डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन मोना देसाई, ज़ोन चेयरपर्सन लायन निशा तातेर,  डीसी ई-वेस्ट नरेश प्रजापति,  तथा प्रमुख सदस्य लायन भूमि जैन की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। 

अभियान में क्लब सदस्यों और शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। लोगों ने पुराने मोबाइल फोन, वायर, चार्जर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण एवं अन्य अनुपयोगी ई-वेस्ट जमा कर पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी निभाई। एकत्रित किए गए सभी ई-वेस्ट को सुरक्षित रिसाइक्लिंग के लिए Reboot को सौंप दिया गया।

आयोजकों ने बताया कि भविष्य में भी इस प्रकार के अभियान लगातार आयोजित किए जाएंगे, ताकि स्वच्छ और हरित वातावरण के निर्माण में समाज की सहभागिता को बढ़ावा मिल सके।

गौरतलब है कि लायंस क्लब ऑफ सूरत क्रिस्टल द्वारा 18 से 26 अप्रैल तक पर्यावरण सेवा सप्ताह का आयोजन किया गया था। इस दौरान पहले दिन ज़ोन स्तर पर ई-वेस्ट संग्रह अभियान चलाया गया। दूसरे दिन पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जबकि तीसरे दिन किसानों को रासायनिक उर्वरकों के विकल्प के रूप में जैविक खाद वितरित की गई।

इसी क्रम में चौथे दिन ‘सेव अर्थ’ पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित कर लोगों को जागरूक किया गया। पांचवें दिन पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ नीम के पौधे लगाए गए। छठे दिन पौधों के बीज वितरित किए गए, जबकि सातवें दिन तापी नदी की सफाई अभियान चलाया गया। आठवें दिन लोगों को पौधे वितरित किए गए और नौवें दिन प्लास्टिक के स्थान पर कागज़ के लिफाफों के उपयोग के लिए जागरूक किया गया।

Tags: Surat

Latest Posts

उड़ान के दौरान केबिन क्रू से दुर्व्यवहार करने वाले यात्री को सूरत एयरपोर्ट पर हिरासत में लिया गया
सूरत : हाई कोर्ट की फटकार के बाद हरकत में आया नगर निगम, नासिरनगर के बेघर परिवारों के लिए भरी माता कम्युनिटी हॉल में अस्थायी आश्रय की व्यवस्था
सूरत : राकेश सैनी ने दांतों से 8 कारें 100 मीटर तक खींचकर बनाया रिकॉर्ड, वर्ल्ड ड्रग्स डे पर युवाओं को दिया नशामुक्ति का संदेश
अमरनाथ यात्रा में सूरत की सेवा परंपरा: 28 वर्षों से श्रद्धालुओं को मिल रहा शुद्ध गुजराती भोजन का प्रसाद
सूरत : “भाषा और वेशभूषा अलग हो सकती है, लेकिन भारतीय होने का भाव एक है” : महामहिम नंदकिशोर यादव