सूरत : वेल्थ एक्सपो 2026 में दिग्गजों की राय - सुरक्षित देश और सही मूल्य ही असली दौलत की नींव

करण दत्ता ने ग्लोबल पॉलिटिक्स और मार्केट पर रखे विचार, पद्मश्री सावजीभाई ढोलकिया ने जीवन मूल्यों में निवेश का दिया संदेश

सूरत : वेल्थ एक्सपो 2026 में दिग्गजों की राय - सुरक्षित देश और सही मूल्य ही असली दौलत की नींव

सूरत। सूरत में चैंबर ऑफ कोमर्स द्वारा आयोजित तीन दिवसीय वेल्थ एक्सपो 2026 के पहले दिन निवेश, वैश्विक राजनीति और जीवन मूल्यों पर देश के प्रमुख विशेषज्ञों और उद्योगपतियों ने अपने विचार साझा किए।

सदर्न गुजरात चैंबर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (एसजीसीसीआई) और जीतो सूरत द्वारा आयोजित इस आयोजन में बड़ी संख्या में निवेशक और उद्योगपति मौजूद रहे।

जियो-पॉलिटिकल एक्सपर्ट और एक्सिस म्यूचुअल फंड के पूर्व सीबीओ करण दत्ता ने कहा कि आज दुनिया में सेमी-कंडक्टर चिप्स और ‘रेयर अर्थ’ मेटल्स को लेकर वैश्विक प्रतिस्पर्धा तेज हो रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी देश की अर्थव्यवस्था और शेयर बाजार की मजबूती उसकी सुरक्षा पर निर्भर करती है।

उन्होंने कहा, “लोग अक्सर तीसरे विश्व युद्ध की आशंका जताते हैं, लेकिन मुझे लगता है कि दुनिया अब सबसे शांतिपूर्ण दौर की ओर बढ़ रही है। संभव है कि आने वाली पीढ़ी आतंकवाद को केवल इतिहास में पढ़े।” उन्होंने भारत और इजरायल द्वारा आतंकवाद के खिलाफ उठाए गए कदमों का उल्लेख करते हुए कहा कि स्टेट-स्पॉन्सर्ड टेररिज्म का दौर समाप्ति की ओर बढ़ सकता है।

करण दत्ता ने कहा कि दुनिया अब ग्लोबलाइजेशन से लोकलाइजेशन की ओर बढ़ रही है और यदि निवेशक सोच-समझकर अपना पोर्टफोलियो तैयार करें तो आने वाले पांच वर्षों में बेहतर अवसर मिल सकते हैं। कार्यक्रम में उनका परिचय कैपिटल कमेटी एडवाइजर केतन दलाल ने कराया।

इस अवसर पर प्रसिद्ध उद्योगपति और पद्मश्री सम्मानित सवजीभाई ढोलकीया ने जीवन में मूल्यों और आत्मविकास के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि केवल धन कमाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि व्यक्ति को अपनी समझ, स्वास्थ्य और समय का भी निवेश और दान करना चाहिए।

सावजीभाई ढोलकिया ने कहा, “यदि हम अपनी खूबियों और व्यक्तित्व के विकास में निवेश नहीं करेंगे, तो अंत में पछताना पड़ेगा। पैसा और प्रसिद्धि केवल परिणाम हैं, असली निवेश ज्ञान और समझ में होता है।” उन्होंने लोगों से जीवन को सकारात्मकता और मुस्कान के साथ जीने का संदेश भी दिया।

Tags: Surat SGCCI