वडोदरा : रेल‌ सप्ताह पुरस्कार में वडोदरा मंडल को मिली‌ प्रतिष्ठित 10  दक्षता शील्ड

मंडल रेल प्रबंधक  राजू भडके ने इसे सामूहिक प्रयासों का प्रतिफल माना और रेलकर्मियों को दी बधाई

वडोदरा : रेल‌ सप्ताह पुरस्कार में वडोदरा मंडल को मिली‌ प्रतिष्ठित 10  दक्षता शील्ड

पश्चिम रेलवे के 71वें रेल सप्ताह पुरस्कार समारोह का आयोजन, 08 मई, 2026 को मुंबई के नरीमन पॉइंट स्थित यशवंतराव चव्हाण ऑडिटोरियम में किया गया। यह पुरस्कार समारोह हर साल पश्चिम रेलवे के अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम की कड़ी मेहनत और समर्पण को सम्मानित करने के लिए आयोजित किया जाता है, जो हमेशा चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार रहते हैं। रेल सप्ताह के दौरान विभिन्न श्रेणियों में मंडलों/इकाइयों को दक्षता शील्डें प्रदान की गईं। इस महत्वपूर्ण अवसर पर महाप्रबंधक रामाश्रय पाण्डेय ने उन मंडलों और इकाइयों को  प्रतिष्ठित महाप्रबंधक की समग्र कार्यकुशलता शील्ड सहित 28 कार्यकुशलता शील्डें प्रदान कीं,जिन्हें वर्ष 2025-26 के लिए विभिन्न क्षेत्रों में सबसे कुशल पाया गया।

वडोदरा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक राजू भडके ने बताया कि वर्ष 2025-26 में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्यों के लिए वडोदरा मंडल ने प्रतिष्ठित 10 दक्षता शील्ड प्राप्त की। मंडल को 10 शील्‍डों के मिलने पर मंडल रेल प्रबंधक श्री राजू भडके ने मंडल के अधिकारियो एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा है कि यह अधिकारियो एवं कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों का ही प्रतिफल है तथा भविष्‍य में भी हम इसी प्रकार से निरंतर कार्य करते रहेंगे ताकि अधिक से अधिक शील्‍ड वडोदरा मंडल को प्राप्‍त हो सके।

वडोदरा मंडल ने प्रतिष्ठित अकाउंट शील्ड , कमर्शियल शील्ड , ट्रैक्शन शील्ड , मेडिकल शील्ड , स्क्रैप मोबिलाइजेशन शील्ड,बेस्ट वर्कशॉप ट्राफी (प्रतापनगर- वर्कशॉप)प्राप्त की है। साथ ही सिविल इंजीनियरिंग शील्ड अहमदाबाद मंडल के साथ संयुक्त रूप से, EnhM ट्राफी रतलाम मंडल के साथ संयुक्त रूप से, सेफ्टी शील्ड भावनगर मंडल के साथ संयुक्त रूप से, और सिक्यूरिटी शील्ड मुंबई सेंट्रल मंडल के साथ संयुक्त रूप से प्राप्त की जो मंडल के लिए उल्लेखनीय उपलब्धि है।

संयुक्‍त रूप से प्राप्‍त शील्‍ड दोनों मंडलों के पास छ:-छ: म‍हीने रहेगी। इनमें सिविल इंजीनियरिंग प्रथम छ: महीने वडोदरा मंडल‌ के पास तथा बाद के छ: महीने अहमदाबाद मंडल के पास रहेगी। EnhM ट्राफी प्रथम छ: महीने रतलाम मंडल के पास तथा बाद के छ: महीने वडोदरा मंडल के पास रहेगी। सेफ्टी शील्ड प्रथम छ: महीने भावनगर मंडल के पास तथा बाद के छ: महीने वडोदरा मंडल के पास रहेगी। एवं सिक्यूरिटी शील्ड प्रथम छ: महीने मुंबई सेंट्रल मंडल के पास तथा बाद के छ: महीने वडोदरा मंडल के पास रहेगी।

Tags: Vadodara