सूरत : नगर निगम चुनाव 2026 के विजयी उम्मीदवारों का गजट निगम को मिला

अगले सप्ताह पहली सामान्य सभा की तारीख तय करने की प्रक्रिया शुरू होगी, मेयर -डिप्टी मेयर और स्टैंडिंग कमेटी गठन का रास्ता साफ

सूरत : नगर निगम चुनाव 2026 के विजयी उम्मीदवारों का गजट निगम को मिला

सूरत । सूरत म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन चुनाव 2026 में विजयी उम्मीदवारों के नामों की आधिकारिक घोषणा वाला गजट आखिरकार नगर निगम प्रशासन को प्राप्त हो गया है। गांधीनगर स्थित राज्य सरकार के अर्बन डेवलपमेंट एंड हाउसिंग डिपार्टमेंट द्वारा जारी यह गजट शुक्रवार को म्युनिसिपल कमिश्नर एम. नागराजन को सौंपा गया, जिसके बाद इसे निगम के सेक्रेटेरिएट विभाग को भेज दिया गया।

विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद सूरत के मुख्य चुनाव अधिकारी द्वारा विजयी उम्मीदवारों की सूची राज्य चुनाव आयोग को भेजी गई थी। इसके बाद राज्य सरकार की डिप्टी सेक्रेटरी भव्या मेहता ने 4 मई 2026 को सूची को मंजूरी प्रदान की थी। अब गजट जारी होने के साथ ही नई बॉडी के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है।

सूत्रों का कहना है कि सूरत मनपा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने रिकॉर्ड 115 सीटों पर जीत दर्ज की है। गजट मिलने के बाद अब निगम का सेक्रेटेरिएट विभाग म्युनिसिपल कमिश्नर को पत्र लिखकर पहली जनरल मीटिंग की तारीख तय करने का अनुरोध करेगा।

इसके बाद म्युनिसिपल कमिश्नर एम. नागराजन नई सामान्य सभा बुलाने, मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव तथा स्टैंडिंग कमेटी के गठन को लेकर एजेंडा जारी करेंगे।

इसी बीच, सेक्रेटेरिएट विभाग विजयी उम्मीदवारों को भी पत्र भेजेगा, जिसमें चुनाव अधिकारी द्वारा जारी विजेता प्रमाणपत्र जमा कराने और बायोमेट्रिक प्रक्रिया पूरी करने का अनुरोध किया जाएगा।

नगर निगम में नई सत्तारूढ़ बॉडी के गठन को लेकर अब राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।

Tags: Surat