सूरत : गुजरात में 7 मई को ‘गौ सम्मान आह्वान अभियान’, लाखों हस्ताक्षरों के साथ सौंपा जाएगा ज्ञापन
कपिला दीदी बोलीं—गो रक्षा के बिना राष्ट्र सुरक्षा अधूरी
देशभर में गौ संरक्षण को लेकर चल रहे जनजागरूकता अभियान के तहत गुजरात में 7 मई 2026 को ‘गौ सम्मान आह्वान अभियान’ आयोजित किया जाएगा। इस अभियान के अंतर्गत लाखों लोगों के हस्ताक्षरों के साथ राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री एवं राज्यपाल के नाम ज्ञापन जिला कलेक्टर के माध्यम से सौंपा जाएगा।
जानकारी के अनुसार, लगभग छह माह पूर्व वृन्दावन में आयोजित संतों की धर्म गोष्ठी में देशभर के साधु-संतों ने धर्म के विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श के बाद सर्वसम्मति से गौ रक्षा को प्राथमिकता देने का निर्णय लिया था। इसी क्रम में 27 अप्रैल को देश के विभिन्न राज्यों की तहसीलों में हस्ताक्षर अभियान चलाकर ज्ञापन सौंपे गए। गुजरात में निकाय चुनाव के चलते यह कार्यक्रम अब 7 मई को आयोजित किया जा रहा है।
मंगलवार को आयोजित पत्रकार परिषद में गौ संरक्षण के लिए समर्पित कपिला दीदी ने कहा कि “गोरक्षा के बिना राष्ट्र सुरक्षा संभव नहीं है।” उन्होंने बताया कि जनजागरूकता के माध्यम से गौवंश के संरक्षण के लिए व्यापक प्रयास किए जा रहे हैं। उनके अनुसार, आजादी के समय देश में लगभग 82 करोड़ गौवंश था, जो वर्तमान में घटकर 7-8 करोड़ के आसपास रह गया है।
उन्होंने बताया कि देशभर की करीब 4500 तहसीलों में 27 अप्रैल को प्रार्थना पत्र सौंपे जा चुके हैं, जबकि 7 मई को गुजरात की सभी तहसीलों में यह अभियान चलेगा। ज्ञापन में तीन प्रमुख मांगें रखी गई हैं—गौ संरक्षण के लिए केंद्रीय कानून बनाया जाए, राष्ट्रीय पशु शेर और राष्ट्रीय पक्षी मोर की तर्ज पर गौ माता को राष्ट्रीय सम्मान दिया जाए तथा केंद्र स्तर पर गोपालन मंत्रालय का गठन किया जाए।
कपिला दीदी ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सरकार इस विषय पर सकारात्मक निर्णय लेगी। उन्होंने कहा कि गौ माता भारत की आत्मा है और इनकी रक्षा से ही राष्ट्र की सुरक्षा सुनिश्चित हो सकती है।
इधर, गो भक्त अरुण पाटोदिया ने सूरत के नागरिकों से अपील की है कि वे गुरुवार सुबह 9:30 बजे मिलेनियम मार्केट, रिंग रोड से शुरू होने वाली रैली में शामिल होकर अभियान को सफल बनाएं। यह रैली विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए वनिता विश्राम पहुंचेगी, जहां सुबह 11 बजे बैलगाड़ियों और अन्य साधनों के साथ 5 लाख हस्ताक्षरों का ज्ञापन जिला कलेक्टर को सौंपा जाएगा।
अभियान से जुड़े दिनेश शर्मा (दाढ़ी) और ललित शर्मा ने बताया कि इस कार्यक्रम में बड़े उद्योगपतियों सहित करीब 50 हजार गो भक्तों के शामिल होने की संभावना है। वनिता विश्राम से गो संकीर्तन के साथ सभी प्रतिभागी कलेक्टर कार्यालय तक पहुंचेंगे।
