सूरत : महावीर इंटरनेशनल वीर दृष्टि, सूरत द्वारा भव्य बॉक्स क्रिकेट प्रीमियर लीग का आयोजन
वर्ल्ड लाफ्टर डे के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में दिव्यांग बच्चों ने अपने अदम्य साहस, आत्मविश्वास और जुनून से यह प्रेरणादायक संदेश दिया
महावीर इंटरनेशनल वीर दृष्टि, सूरत द्वारा हेमिनोम टर्फ पर एक विशेष उद्देश्य के साथ बॉक्स क्रिकेट प्रीमियर लीग का भव्य आयोजन किया गया। इस क्रिकेट लीग का मुख्य उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को प्रोत्साहित करना तथा उनकी शिक्षा और स्वास्थ्य के लिए सहयोग प्रदान करना रहा। इस आयोजन में 6 दिव्यांग टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर क्रिकेट मैच खेले। वर्ल्ड लाफ्टर डे के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में दिव्यांग बच्चों ने अपने अदम्य साहस, आत्मविश्वास और जुनून से यह प्रेरणादायक संदेश दिया कि वे असाधारण होते हुए भी किसी से कम नहीं हैं।
कार्यक्रम के दौरान महावीर इंटरनेशनल वीर दृष्टि टीम द्वारा एक थेरेपी सेंटर की घोषणा की गई। साथ ही “सुकून की छांव” प्रोजेक्ट के अंतर्गत 51 छतरियों का वितरण किया गया, जिससे स्ट्रीट वेंडर्स, महिलाओं एवं जरूरतमंदों को धूप और बारिश से बचाव हेतु सहयोग प्रदान किया गया। यह पहल सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ महावीर इंटरनेशनल अपेक्स के वाइस प्रेसिडेंट सुरेंद्र मरोठी, जोन चेयरपर्सन निशा सेठिया, डायरेक्टर संदीप डांगी एवं चेयरपर्सन संगीता राठी ,वीरा दृष्टि टीम, बीजेपी प्रभारी रितु राठी, सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर एडवोकेट वीरा बीना भगत ने कानूनी जागरूकता एवं सुविधाओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।

दिव्यांग बच्चों के समर्थन हेतु कुल 22 टीमों ने इस क्रिकेट लीग में भाग लिया, जिससे खेल के माध्यम से सकारात्मक ऊर्जा, उत्साह और सहयोग का वातावरण निर्मित हुआ। वर्ल्ड लाफ्टर डे के उपलक्ष्य में वीरा अलका सांखला द्वारा लाफिंग थेरेपी का विशेष सत्र आयोजित किया गया, जिसमें उपस्थित सभी लोगों को हंसी और सकारात्मकता से भरपूर जीवन जीने की उपयोगी तकनीकें सिखाई गईं।
समापन समारोह में साइबर क्राइम एक्सपर्ट डॉ. स्नेहल वकीलना ने साइबर क्राइम अवेयरनेस पर संक्षिप्त लेकिन महत्वपूर्ण सत्र लिया। वहीं अंतरराष्ट्रीय योग एवं गरबा एक्सपर्ट अनीष रंगरेज जी ने आधुनिक जीवनशैली में योग एवं योग गरबा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए एक प्रायोगिक सत्र भी कराया। पूरा आयोजन ऊर्जा, उत्साह और सकारात्मकता से भरपूर रहा। वर्ल्ड लाफ्टर डे के अवसर पर यह कार्यक्रम बॉडी, माइंड और सोल मैनेजमेंट का एक अद्भुत संगम बनकर उभरा।
कार्यक्रम के अंत में विजेता टीमों को ट्रॉफी एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया, जिससे उनका मनोबल बढ़ाया गया। महावीर इंटरनेशनल वीर दृष्टि, सूरत की पूरी टीम ने इस आयोजन के माध्यम से सेवा, सहयोग और समर्पण की एक प्रेरणादायी मिसाल प्रस्तुत की। यह आयोजन केवल एक क्रिकेट प्रतियोगिता नहीं, बल्कि मानवता, सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व का जीवंत उदाहरण बनकर उभरा।
