सूरत : मानसून से पहले लिंबायत में खाड़ी सफाई अभियान तेज, बाढ़ रोकने के लिए उठाए जा रहे ठोस कदम
मीठी खाड़ी में फ्लोटिंग मशीन शुरू, केंद्र की एक्सपर्ट टीम करेगी शॉर्ट और लॉन्ग टर्म प्लान तैयार
सूरत। पिछले मानसून में भारी बारिश के कारण शहर की खाड़ियों में आई बाढ़ की समस्या को देखते हुए सूरत नगर निगम ने इस वर्ष पहले से ही एहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। म्युनिसिपल कमिश्नर के निर्देश पर खाड़ी की सफाई के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में, उन क्षेत्रों में जहां पारंपरिक तरीके से सफाई संभव नहीं है, वहां फ्लोटिंग पोकलेन मशीनों का उपयोग किया जा रहा है। कुल चार मशीनों में से एक मशीन को लिंबायत क्षेत्र की मीठी खाड़ी में माधवबाग सोसायटी के पास शुरू कर दिया गया है, जबकि शेष तीन मशीनें भी इस सप्ताह तक कार्यरत कर दी जाएंगी।
इसके अलावा, बाढ़ नियंत्रण के लिए केंद्र सरकार की एजेंसियों की विशेषज्ञ टीम भी सूरत पहुंच चुकी है। सेंट्रल वॉटर कमीशन और नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हाइड्रोलॉजी के विशेषज्ञ 20 अप्रैल से शहर की खाड़ियों का विस्तृत अध्ययन कर रहे हैं। यह टीम बाढ़ की समस्या के विभिन्न पहलुओं का विश्लेषण कर शॉर्ट टर्म और लॉन्ग टर्म समाधान सुझाएगी।
नगर निगम प्रशासन इन सुझावों के आधार पर आगामी मानसून से पहले जरूरी कदम उठाने की तैयारी में है। अधिकारियों का मानना है कि समय रहते की जा रही यह कार्रवाई शहर में हर साल आने वाली बाढ़ की समस्या को काफी हद तक कम करने में मददगार साबित होगी।
