सूरत में वैष्णव समाज का भव्य आयोजन, आनंदजी वैष्णव राष्ट्रीय अध्यक्ष और दीपक माण्डा गुजरात प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त

हनुमान जन्मोत्सव व परिचय सम्मेलन में देशभर से समाजजनों की भागीदारी, नए ट्रस्ट को अखिल भारतीय दर्जा

सूरत में वैष्णव समाज का भव्य आयोजन, आनंदजी वैष्णव राष्ट्रीय अध्यक्ष और दीपक माण्डा गुजरात प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त

सूरत। सूरत में वैष्णव समाज द्वारा हनुमान जन्मोत्सव और परिचय सम्मेलन का भव्य आयोजन रविवार, 5 अप्रैल 2026 को सारोली स्थित लेउवा पाटीदार सांस्कृतिक भवन में धूमधाम से संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह गणेश वंदना के साथ हुई और पूरे दिन धार्मिक व सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर भव्य दरबार, अखंड ज्योत, छप्पनभोग और महाप्रसाद का आयोजन किया गया। बच्चों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, वहीं राजस्थान से आए भजन गायक पुखराज वैष्णव और मुकेश वैष्णव सहित स्थानीय कलाकारों ने भजनों से माहौल भक्तिमय बना दिया।

 कार्यक्रम के दौरान समाज के युवक-युवतियों का परिचय सम्मेलन भी आयोजित किया गया, जिससे उन्हें योग्य जीवनसाथी मिलने में मदद मिल सके। इस आयोजन में सूरत, अंकलेश्वर, वापी, वलसाड, अहमदाबाद समेत गुजरात और राजस्थान के विभिन्न शहरों से बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

 कार्यक्रम के बीच ट्रस्ट की बैठक में सर्वसम्मति से वर्तमान ट्रस्ट को अखिल भारतीय दर्जा देने का प्रस्ताव पारित किया गया। इसके साथ ही आनंदराज कालूदास वैष्णव को राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया, जबकि दीपक माण्डा को गुजरात प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। घोषणा होते ही पूरा सभागार तालियों से गूंज उठा।

इसके अलावा, 10 नए ट्रस्टियों की भी नियुक्ति की गई। कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और समाज की एकता व संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया।

अंत में राष्ट्रीय अध्यक्ष आनंदजी वैष्णव ने सभी अतिथियों, समाजजनों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। पूरे आयोजन के दौरान भोजन, नाश्ता और मेहमानों के स्वागत की विशेष व्यवस्था की गई, जिससे कार्यक्रम सफल और यादगार बना।

Tags: Surat