सूरत : मोहिनी एकादशी पर सूरत में निकली भव्य निशान पदयात्रा, बाबा श्याम को अर्पित किए ध्वज
राजेश भारूका बोले—निशान अर्पण से पूरी होती हैं भक्तों की मनोकामनाएं
बैशाख माह की शुक्ल पक्ष की मोहिनी एकादशी के पावन अवसर पर सूरत में श्री श्याम सेवा परिवार द्वारा भव्य श्री श्याम निशान ध्वज पदयात्रा का आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर आस्था और भक्ति का परिचय दिया।
संस्था से जुड़े राजेश भारूका ने जानकारी देते हुए बताया कि पदयात्रा सोमवार सुबह 6:30 बजे वेसू स्थित स्टार गैलेक्सी से प्रारंभ हुई, जो श्री श्याम मंदिर सूरतधाम पहुंचकर संपन्न हुई। यहां भक्तों ने बाबा श्याम के श्री चरणों में निशान ध्वज अर्पित किए और सुख-समृद्धि की कामना की।
पदयात्रा के दौरान श्रद्धालु बाबा श्याम और सालासर बालाजी महाराज के भजनों पर झूमते हुए आगे बढ़े। भक्तों ने बाबा श्याम के अलौकिक स्वरूप के दर्शन कर भक्ति में लीन होकर निशान अर्पित किए। पूरे मार्ग में भक्ति और उत्साह का वातावरण देखने को मिला।
इस अवसर पर शंकर लाल गोयल, सुमित बंसल, पवन पोद्दार, विष्णु अग्रवाल, निखिल गोयनका, मीनाक्षी सोमानी, मधु मॉल, वरुण सोमानी, पूनम अग्रवाल, अरविंद सरावगी, ज्योति अग्रवाल और तनिष अग्रवाल सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजन ने शहर में धार्मिक उत्साह और एकता का संदेश दिया।
