सूरत : 'सोनार बांग्ला' में राष्ट्रवाद का उदय और असम में विकास की हैट्रिक, यह मोदी जी के प्रति जन-विश्वास की जीत है : अरविंद सिंह

बंगाल की धरती पर अब भय का शासन समाप्त हुआ है; जनता ने बता दिया है कि लोकतंत्र में लाठी और हिंसा नहीं, बल्कि विकास और विश्वास ही सर्वोच्च है!

सूरत : 'सोनार बांग्ला' में राष्ट्रवाद का उदय और असम में विकास की हैट्रिक, यह मोदी जी के प्रति जन-विश्वास की जीत है : अरविंद सिंह

हिंदीभाषी महासंघ के महासचिव, सिवान कबड्डी संघ के अध्यक्ष और वरिष्ठ भाजपा नेता अरविंद सिंह ने आज पांच राज्यों के चुनाव परिणामों पर हर्ष व्यक्त करते हुए इसे भारतीय राजनीति के एक नए युग की शुरुआत बताया।  उन्होंने पश्चिम बंगाल में भाजपा की ऐतिहासिक बढ़त और असम में लगातार तीसरी बार मिली सफलता को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन की जीत करार दिया।

अरविंद सिंह ने कहा, "आज देश की जनता ने यह स्पष्ट कर दिया है कि उन्हें केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और उनकी नीतियों पर भरोसा है। प्रधानमंत्री ने जिस तरह आम जनमानस के साथ सीधा संवाद स्थापित किया और उन्हें अपने विजन से जोड़ा, उसी का परिणाम है कि आज बंगाल जैसे चुनौतीपूर्ण राज्यों में भी भगवा लहरा रहा है। साथ ही,  गृह मंत्री अमित शाह की चाणक्य नीति ने विपक्ष के हर चक्रव्यूह को ध्वस्त कर दिया है।

संगठन की सफलता पर चर्चा करते हुए अरविंद सिंह ने कहा, "भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन के निर्णायक और ऊर्जावान नेतृत्व में संगठन ने जमीनी स्तर पर अभूतपूर्व कार्य किया है। उनके मार्गदर्शन में कार्यकर्ताओं ने हर घर तक प्रधानमंत्री का संदेश पहुँचाया। इस जीत में मंगल पांडेय की महत्वपूर्ण भूमिका रही है; उनके ओजस्वी और धारदार भाषणों ने बंगाल की जनता के भीतर सोए हुए स्वाभिमान को जगाने का काम किया।"

आगे उन्होंने कहा कि असम की जनता ने विकास की निरंतरता को चुनकर भाजपा-एनडीए को पुनः सेवा का अवसर दिया है। यह जीत उत्तर-पूर्व के प्रति मोदी सरकार के समर्पण की जीत है।

असम की ऐतिहासिक सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के अथक परिश्रम और विकासोन्मुखी शासन ने असम को प्रगति के नए शिखर पर पहुँचाया है। पुडुचेरी में भाजपा गठबंधन की मजबूती और केरल व तमिलनाडु में बढ़ता जनसमर्थन यह बताता है कि 'सबका साथ-सबका विकास' का मंत्र अब कन्याकुमारी तक गूँज रहा है। 

इस चुनावी महासमर में उत्तर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के योगदान को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि योगी जी की आक्रामक रैलियों और उनके प्रखर भाषणों ने पूरे देश में राष्ट्रवाद की एक नई लहर पैदा कर दी। उनके 'बुलडोजर मॉडल' और अपराध के विरुद्ध 'जीरो टॉलरेंस' की गूँज ने बंगाल से लेकर असम तक के मतदाताओं में सुरक्षा और सुशासन का अटूट भरोसा पैदा किया।

Tags: Surat