सूरत : अग्रवाल समाज हेल्थ सेंटर में सर्वाइकल कैंसर वैक्सीनेशन का सातवां निःशुल्क शिविर आयोजित
श्याम भक्त मित्र मंडल के सहयोग से चल रहा अभियान, समाज के अनेक पदाधिकारियों की उपस्थिति
अग्रवाल समाज हेल्थ सेंटर में जनवरी 2026 से सर्वाइकल (गर्भाशय) कैंसर प्रतिरोधक वैक्सीन के निःशुल्क शिविरों का क्रम लगातार जारी है। इसी कड़ी में रविवार 3 मई 2026 को सातवां निःशुल्क वैक्सीनेशन कैंप श्याम भक्त मित्र मंडल के सहयोग से आयोजित किया गया।
शिविर का शुभारंभ अग्रवाल समाज ट्रस्ट के अध्यक्ष रामप्रसाद अग्रवाल, सचिव राज कुमार अग्रवाल, चेयरमैन श्याम खेतान, कोषाध्यक्ष गोवर्धन मोदी तथा मंडल के अध्यक्ष डॉ. प्रमोद पिपरालीवाले, सचिव विनोद गुप्ता, संजय जगनानी, संजीव खेतान और भूपेंद्र अग्रवाल द्वारा महाराजा अग्रसेन जी के चित्र पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया गया।
कार्यक्रम के दौरान हेल्थ सेंटर के चेयरमैन श्रवण अग्रवाल, प्रभारी विनोद चिड़ावावाला सहित सुनील गोयल, अजय विदावतका, प्रदीप गाड़िया, शिवरतन जगनानी, राकेश बजावा, विमल झांझरिया, प्रभात जालान, जगमोहन जालान, संपत पोदार, पिंटू चिरानिया और अशोक केडिया ने व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभाली।
शिविर में बड़ी संख्या में महिलाओं ने पहुंचकर सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु वैक्सीन लगवाई। आयोजकों ने बताया कि यह अभियान समाज में जागरूकता बढ़ाने और महिलाओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा के उद्देश्य से निरंतर जारी रहेगा।
