वडोदरा : रेल सुरक्षा बल की तत्परता से यात्रा के दौरान छूटा महंगा लैपटॉप एवं अन्य सामान सुरक्षित वापस मिला
मुंबई से नई दिल्ली यात्रा कर रहे यात्री के छूटे महंगे लैपटॉप सहित लगभग 3.5 लाख रूपए का सामान यात्री को सफलतापूर्वक लौटाया
भारतीय रेल द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन अमानत’ के अंतर्गत पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल के रेल सुरक्षा बल कर्मी ने एक बार फिर तत्परता का परिचय देते हुए तेजस एक्सप्रेस में मुंबई से नई दिल्ली यात्रा कर रहे यात्री के छूटे महंगे लैपटॉप सहित लगभग 3.5 लाख रूपए का सामान यात्री को सफलतापूर्वक लौटाया।
पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल के जनसम्पर्क अधिकारी अनुभव सक्सेना द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 29 अप्रैल 2026 को ट्रेन संख्या 12951 तेजस एक्सप्रेस के कोच संख्या B-9 में मुंबई से नई दिल्ली की यात्रा कर रहे सूरज झा सूरत स्टेशन पर खाने का सामान लेने उतरे। वापिस ट्रेन पर आते समय गाड़ी के दरवाजे बंद हो गए और गाड़ी रवाना हो गई। जिस कारण सूरज का एक ग्रीन कलर ट्राली बैग व लैपटॉप बैग उक्त ट्रेन में छूट गए।
यात्री द्वारा तत्काल रेल मदद हेल्पलाइन 139 पर इसकी सूचना दी गई। छूट जाने की सूचना प्राप्त होते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) SIPF निशा मीणा साथ में स्टाफ द्वारा वडोदरा स्टेशन पर खड़ी मुंबई - नई दिल्ली तेजस ट्रेन के कोच संख्या B-9 की जांच के दौरान सीट पर सुरक्षित अवस्था में सामान प्राप्त हुआ। जिसमें शिकायतकर्ता द्वारा बताया गया एक ग्रीन कलर का ट्राली बैग व लैपटॉप बैग सामान मिला जिसको पोस्ट पर लाकर जमा किया।
यात्री द्वारा बताए गए विवरण से सामान का मिलान करने तथा आवश्यक सत्यापन के उपरांत उप निरीक्षक निशा मीणा द्वारा उक्त तीन लैपटॉप, हेडफोन, चार्जर व कपड़े होना बताया। जिसकी कीमत लगभग 3 .5 लाख रूपए थी, जिसे संबंधित यात्री सूरज झा को विधिवत सुपुर्द कर दिया गया।
अपने लैपटॉप सुरक्षित वापस मिलने पर यात्री सूरज ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल द्वारा संचालित रेल मदद 139 हेल्पलाइन की त्वरित एवं प्रभावी सेवा की सराहना की। साथ ही उन्होंने आरपीएफ वडोदरा पोस्ट की तत्परता तथा रेलवे सुरक्षा बल द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन अमानत’ के सराहनीय कार्यों की भी प्रशंसा की।
पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल द्वारा यात्रियों से अपील की गई है कि यात्रा के दौरान अपने सामान का विशेष ध्यान रखें तथा किसी भी वस्तु के छूट जाने या आपात स्थिति में तुरंत रेल मदद हेल्पलाइन 139 पर संपर्क करें। रेलवे सुरक्षा बल द्वारा चलाया जा रहा ‘ऑपरेशन अमानत’ यात्रियों की खोई हुई वस्तुओं को खोजकर उन्हें सुरक्षित लौटाने की दिशा में निरंतर प्रभावी कार्य कर रहा है, जिससे यात्रियों में रेलवे के प्रति विश्वास और सुरक्षा की भावना और अधिक सुदृढ़ हो रही है।
