सूरत : सरथाना नेचर पार्क में शेर ‘आर्या’ की मौत, किडनी बीमारी से जंगल का राजा हुआ खामोश
एनिमल एक्सचेंज प्रोग्राम से सूरत लाया गया था शेर, वर्षों तक रहा विजिटर्स का आकर्षण
सूरत। सूरत के सरथाना नेचर पार्क में पर्यटकों का प्रमुख आकर्षण रहा शेर ‘आर्या’ अब हमेशा के लिए खामोश हो गया है। किडनी की गंभीर बीमारी से लंबी जंग लड़ने के बाद उसने बीते दिन अंतिम सांस ली। इस खबर से पार्क के कर्मचारियों और पशु प्रेमियों में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, आर्या को वर्ष 2020 में एनिमल एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत रायपुर से सूरत लाया गया था और उसे डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जूलॉजिकल गार्डन में रखा गया था। तब से वह नेचर पार्क की पहचान बन गया था और बड़ी संख्या में आने वाले पर्यटकों, खासकर बच्चों के बीच बेहद लोकप्रिय था।
आर्या को शेरनी ‘वसुधा’ के साथ रखा गया था और दोनों की जोड़ी विजिटर्स के बीच खासा आकर्षण का केंद्र बनी हुई थी। हाल ही में पैर में चोट लगने के बाद उसका इलाज शुरू किया गया था। इसी दौरान की गई मेडिकल जांच में उसके ब्लड सैंपल में सीरम क्रिएटिनिन का स्तर लगातार बढ़ता पाया गया, जिससे किडनी पर गंभीर असर होने की पुष्टि हुई।
पिछले कुछ दिनों से उसने खाना-पीना लगभग छोड़ दिया था। हालत बिगड़ने पर उसे फ्लूइड थेरेपी, जीवनरक्षक दवाइयां और अन्य आवश्यक उपचार दिए गए। पशु चिकित्सकों की टीम ने उसे बचाने के लिए हर संभव प्रयास किया, लेकिन आखिरकार वह जिंदगी की जंग हार गया।
आर्या की मौत के साथ ही सरथाना नेचर पार्क ने अपना एक अहम सदस्य खो दिया है। वर्षों तक अपनी मौजूदगी से लोगों को आकर्षित करने वाले इस शेर की दहाड़ अब केवल यादों में ही सुनाई देगी।
