सूरत : वराछा के SBI में  दिनदहाड़े सनसनीखेज लूट, बंदूक की नोक पर 50 लाख ले उड़े 5 लुटेरे

कैश डिपॉजिट के समय घुसे बदमाश,  55 मिनट तक बैंक को बनाया बंधक, कर्मचारियों के मोबाइल छीने और स्पोर्ट्स बाइक पर हुए फरार

सूरत : वराछा के SBI में  दिनदहाड़े सनसनीखेज लूट, बंदूक की नोक पर 50 लाख ले उड़े 5 लुटेरे

सूरत। डायमंड सिटी के वराछा इलाके में आज दिनदहाड़े हथियारों से लैस लुटेरों ने कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) की शाखा में बड़ी लूट को अंजाम दिया।

लगभग 5 से 6 हथियारबंद लुटेरों ने बैंक कर्मचारियों को पिस्तौल की नोक पर बंधक बनाया और करीब 50 लाख रुपये का कैश लूटकर स्पोर्ट्स बाइक पर फरार हो गए। इस पूरी वारदात का एक्सक्लूसिव सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।


पुलिस जांच के अनुसार, लुटेरों ने पूरी वारदात को बेहद शातिर तरीके से अंजाम दिया। लुटेरे दोपहर 1:11 बजे लंबे हनुमान रोड स्थित बैंक की शाखा में दाखिल हुए। वे अगले 55 मिनट (दोपहर 2:06 बजे तक) बैंक के अंदर ही रहे।

बैंक में घुसते ही उन्होंने स्टाफ को पिस्तौल दिखाकर एक जगह इकट्ठा कर दिया और उनके मोबाइल फोन छीन लिए ताकि पुलिस को सूचना न दी जा सके।

लूट उस समय हुई जब बैंक में कैश डिपॉजिट ऑपरेशन (CMS गाड़ी के ज़रिए) चल रहा था। लुटेरों ने कैश वैन से आए पैसे और काउंटर पर रखी नकदी को विमल के बैगों में भरा और रफूचक्कर हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही एडिशनल सीपी अश्विनी कुमार, डीसीपी आलोक कुमार सहित पुलिस के आला अधिकारियों का काफिला मौके पर पहुँचा।

आरोपियों को पकड़ने के लिए पूरे सूरत शहर में नाकेबंदी कर दी गई है। वराछा, पुना, कपोद्रा और सरथाना पुलिस की टीमें तलाशी अभियान में जुटी हैं।

डसीपी आलोक कुमार ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों में लुटेरों के चेहरे साफ दिख रहे हैं, जिसके आधार पर पहचान की कोशिश की जा रही है। उन्होंने उन अफवाहों को भी खारिज किया जिनमें कहा गया था कि लुटेरों ने बुर्का पहना था।

हैरानी की बात यह रही कि बैंक के बाहर खड़ी कैश वैन (केसवान) के कर्मचारियों और गनमैन को अंदर चल रही लूट की जरा भी भनक नहीं लगी। केसवान के कर्मचारी शिवपूजन सिंह ने बताया कि वे कार में बैठे थे और अंदर कोई सायरन या शोर नहीं सुनाई दिया। लुटेरे इतनी शांति से काम करके निकल गए कि बाहर किसी को संदेह तक नहीं हुआ।

सूरत क्राइम ब्रांच और ज़ोन-1 पुलिस की कई टीमें इस केस को सुलझाने के लिए काम कर रही हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपियों के भागने के रूट को ट्रैक किया जा रहा है और वे बहुत जल्द सलाखों के पीछे होंगे।