सूरत : भाजपा नेता से सोशल मीडिया पर रंगदारी का मामला, अश्लील पोस्ट कर मांगे 1 लाख रुपये

फेसबुक पर आपत्तिजनक कंटेंट पोस्ट कर इमेज खराब करने की कोशिश, दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज

सूरत : भाजपा नेता से सोशल मीडिया पर रंगदारी का मामला, अश्लील पोस्ट कर मांगे 1 लाख रुपये

सूरत। सूरत के गोडादरा इलाके में सोशल मीडिया के जरिए एक भाजपा नेता को बदनाम करने और रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। पूर्व कॉर्पोरेटर अमितसिंह राजपूत की शिकायत पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायत के अनुसार, आरोपी अरुण पाठक और उसके साथी मोहन कनौजिया ने सुनियोजित साजिश के तहत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर नेता की फोटो का दुरुपयोग किया। आरोप है कि दोनों ने उनके नाम से अश्लील तस्वीरें और आपत्तिजनक टेक्स्ट पोस्ट कर उनकी छवि खराब करने की कोशिश की।

बताया गया है कि पोस्ट हटाने के बदले आरोपियों ने 1 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। साथ ही धमकी दी कि यदि पैसे नहीं दिए गए तो और भी आपत्तिजनक सामग्री वायरल कर दी जाएगी और उन्हें चुनाव लड़ने के अयोग्य साबित करने की कोशिश की जाएगी।

गौरतलब है कि इससे पहले भी डिजिटल माध्यम से उन्हें निशाना बनाने का प्रयास किया गया था। आरोप है कि एक मामले में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक का इस्तेमाल कर उनका फर्जी वीडियो बनाकर वायरल किया गया था।

मामले में गोडादरा पुलिस स्टेशन ने एक्सटॉर्शन और आईटी एक्ट की धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। साइबर क्राइम टीम पोस्ट से जुड़ी तकनीकी जानकारी जुटाने में लगी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Tags: Surat