अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की जोड़ी का बॉक्स ऑफिस पर धमाका
‘भूत बंगला’ ने दुनियाभर में पार किया 146 करोड़ का आंकड़ा,
हैदराबाद, 25 अप्रैल (वेब वार्ता)। अक्षय कुमार और निर्देशक प्रियदर्शन की 14 साल बाद वापसी वाली फिल्म ‘भूत बंगला’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। 17 अप्रैल को रिलीज हुई इस हॉरर- कॉमेडी फिल्म ने अपने दूसरे हफ्ते में प्रवेश कर लिया है।
मेकर्स द्वारा साझा किए गए ताजा आंकड़ों के अनुसार, फिल्म ने दुनियाभर में अब तक 146.50 करोड़ रुपये का शानदार बिजनेस कर लिया है। भारत में फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 112.90 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
हालांकि, कार्यदिवसों में कमाई की रफ्तार थोड़ी धीमी हुई है, लेकिन अक्षय की कॉमिक टाइमिंग और पारिवारिक मनोरंजन ने इसे दर्शकों की पहली पसंद बनाए रखा है।
फिल्म की सफलता के पीछे अक्षय कुमार के साथ-साथ दिग्गज कलाकारों की एक बड़ी टोली का हाथ है। इसमें परेश रावल, राजपाल यादव और जिशु सेनगुप्ता जैसे सितारों ने अपने अभिनय से चार चांद लगाए हैं। वहीं, अक्षय और वामिका गब्बी की नई केमिस्ट्री को दर्शकों ने काफी सराहा है।
यह फिल्म दिवंगत अभिनेता असरानी की आखिरी फिल्म होने के कारण भी प्रशंसकों के लिए भावनात्मक रूप से काफी खास बन गई है। ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने भारत में नेट कलेक्शन के मामले में 87.97 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है, जो इसके मजबूत प्रदर्शन को दर्शाता है।
फिल्म के मेकर्स ने एक नया पोस्टर जारी करते हुए वैश्विक सफलता के लिए दर्शकों का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने फिल्म को एक ‘शानदार पारिवारिक मनोरंजक फिल्म’ बताया है, जो हर पीढ़ी के लोगों को सिनेमाघरों तक खींचने में सफल रही है।
हालांकि, सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार, 7434 शो के बावजूद फिल्म की दैनिक कमाई में अब मामूली गिरावट देखी जा रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि फिल्म इसी तरह टिकी रही, तो यह जल्द ही 150 करोड़ के जादुई आंकड़े को पार कर लेगी।
फिल्म की सफलता ने एक बार फिर अक्षय और प्रियदर्शन की जोड़ी के पुराने सुनहरे दौर की यादें ताजा कर दी हैं।
