सूरत : पांडेसरा में पानी की पाइपलाइन फटी, सड़कों पर बहा पीने का पानी
गणेश नगर इलाके में ‘वाटर पार्क’ जैसे हालात; हजारों परिवारों की सप्लाई प्रभावित, लोगों में नाराज़गी
सूरत। भीषण गर्मी के बीच जहां शहर के कई इलाकों में पानी की कमी और लो-प्रेशर की समस्या बनी हुई है, वहीं पांडेसरा के गणेश नगर क्षेत्र में मेन पाइपलाइन फटने से पीने का साफ पानी सड़कों पर बहता नजर आया।
घटना के बाद सड़क पर पानी के तेज़ फव्वारे उठने लगे, जिससे पूरे इलाके में ‘वाटर पार्क’ जैसा दृश्य बन गया। स्थानीय बच्चे और युवा इस बहते पानी में नहाते दिखे, जबकि कुछ लोग इस पानी से वाहन धोते नजर आए। इस दौरान बड़ी मात्रा में कीमती पेयजल बर्बाद होता रहा, जिससे स्थानीय लोगों में नाराज़गी देखी गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पाइपलाइन में हाई प्रेशर के कारण यह हादसा हुआ, जिससे सड़क पर लंबे समय तक पानी बहता रहा। लोगों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद संबंधित विभाग ने समय पर कार्रवाई नहीं की।
इस घटना का असर आसपास के हजारों परिवारों की जल आपूर्ति पर पड़ा है। गर्मी के इस दौर में पानी की ऐसी बर्बादी और सप्लाई बाधित होना लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गया है।
इस संबंध में सूरत नगर निगम के हाइड्रोलिक विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि कनेक्शन में लीकेज के कारण पाइपलाइन फटी है। मरम्मत कार्य के लिए टीम को मौके पर भेज दिया गया है और जल्द ही समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया गया है।
