सूरत : फोस्टा बोर्ड बैठक में चुनाव प्रक्रिया को लेकर अहम फैसले

30 अप्रैल तक शुल्क जमा करने वाले सदस्य ही बन सकेंगे प्रत्याशी, सदस्यता श्रेणियों के आधार पर तय होंगे नियम

सूरत : फोस्टा बोर्ड बैठक में चुनाव प्रक्रिया को लेकर अहम फैसले

सूरत। फेडरेशन ऑफ सूरत टेक्सटाइल ट्रेडर्स एसोसिएशन (फोस्टा) की बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक 22 अप्रैल 2026 को सायं 5:00 बजे फोस्टा कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में उपस्थित सभी निदेशकों की सहमति से आगामी चुनावों को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय सर्वसम्मति से लिए गए।

बैठक में तय किया गया कि जिन व्यापारियों का सदस्यता शुल्क 30 अप्रैल 2026 तक फोस्टा कार्यालय में प्राप्त हो जाएगा, केवल वही सदस्य आगामी चुनाव में प्रत्याशी बनने और मतदान करने के पात्र होंगे। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त शुल्क वाले सदस्य संगठन के सदस्य तो रहेंगे, लेकिन इस वर्ष के चुनाव में भाग नहीं ले सकेंगे।

फोस्टा ने सदस्यता को तीन श्रेणियों—प्लेटिनम, डायमंड और गोल्ड—में विभाजित किया है। प्रत्येक मार्केट से हर श्रेणी में केवल एक प्रत्याशी ही चुनाव लड़ सकेगा, जबकि मतदान का अधिकार सभी पात्र सदस्यों को रहेगा।

इसके अलावा, जिन मार्केट्स की मेंटेनेंस फीस 30 अप्रैल तक जमा होगी, उन्हीं मार्केट्स के सदस्य चुनाव में प्रत्याशी बनने के योग्य होंगे। जिन मार्केट्स का शुल्क बकाया रहेगा, उनके सदस्य केवल मतदान कर सकेंगे, प्रत्याशी नहीं बन पाएंगे।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जो सदस्य किसी मार्केट के बजाय सिंगल हाउस या अन्य क्षेत्रों में व्यापार कर रहे हैं, उन्हें प्रत्याशी बनने के लिए एक वर्ष का मेंटेनेंस शुल्क निर्धारित तिथि तक जमा करना अनिवार्य होगा। अन्यथा उन्हें केवल मतदान का अधिकार मिलेगा।

संगठन द्वारा सदस्यता जीएसटी नंबर के आधार पर प्रदान की गई है, इसलिए सदस्य अपने जीएसटी में दर्ज पते के अनुसार ही संबंधित मार्केट से चुनाव लड़ सकेंगे।

फोस्टा की ओर से बताया गया कि चुनाव अधिकारी की नियुक्ति, चुनाव तिथि और अन्य विस्तृत जानकारी शीघ्र ही घोषित की जाएगी।