सूरत : सचिन जीआईडीसी में 7.50 करोड़ की लागत से नया फायर स्टेशन और स्टाफ क्वार्टर का निर्माण शुरू

इंडस्ट्रियल एरिया की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी, आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा प्रोजेक्ट

सूरत : सचिन जीआईडीसी में 7.50 करोड़ की लागत से नया फायर स्टेशन और स्टाफ क्वार्टर का निर्माण शुरू

सूरत। सचिन जीआईडीसी क्षेत्र में औद्योगिक विकास को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए नया एडिशनल फायर स्टेशन और फायर स्टाफ क्वार्टर का निर्माण कार्य शुरू किया गया है। यह प्रोजेक्ट लगभग 7.50 करोड़ रुपये की लागत से रोड नंबर-1 स्थित मौजूदा फायर स्टेशन के पास विकसित किया जा रहा है।

औद्योगिक इकाइयों और श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बनाए जा रहे इस प्रोजेक्ट में आधुनिक सुविधाओं का समावेश किया गया है। प्रस्तावित फायर स्टेशन के ग्राउंड फ्लोर पर चार वॉटर बाउज़र खड़े करने की व्यवस्था होगी, जबकि प्रथम मंजिल पर अत्याधुनिक कमांड रूम बनाया जाएगा। दूसरी मंजिल पर फायर स्टाफ के लिए मेस रूम की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

इसके साथ ही, फायर कर्मियों के लिए ग्राउंड प्लस दो मंजिला आवासीय क्वार्टर भी बनाए जाएंगे, जिनमें कुल 12 एक बीएचके यूनिट्स शामिल होंगी। यह व्यवस्था फायर स्टाफ को कार्यस्थल के समीप बेहतर आवास सुविधा प्रदान करेगी।

इस परियोजना का शिलान्यास सचिन नोटिफाइड एरिया के चेयरमैन एवं सोसाइटी के वाइस प्रेसिडेंट नीलेशभाई गामी के करकमलों द्वारा किया गया।

इस अवसर पर सचिन इंडस्ट्रियल सोसाइटी के प्रेसिडेंट किशोर पटेल, सेक्रेटरी मयूर गोलवाला, डायरेक्टर गौरांग चपटवाला, भीखूभाई नकरानी, मुकेश चतुर्वेदी, हेमंत जरीवाला, मैनेजर अरविंद अहीर सहित अन्य पदाधिकारी और स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।

यह प्रोजेक्ट सचिन जीआईडीसी क्षेत्र में बढ़ती औद्योगिक गतिविधियों के बीच सुरक्षा ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Tags: Surat