सूरत : चैंबर ऑफ कॉमर्स का हेल्थ अवेयरनेस सेशन, न्यूट्रिशन और डाइजेस्टिव हेल्थ पर विशेषज्ञों ने दी अहम सलाह

‘हेल्दी लोग, हेल्दी इंडिया’ के विज़न के तहत पाइल्स और एनोरेक्टल बीमारियों से बचाव व इलाज पर दी गई विस्तृत जानकारी

सूरत : चैंबर ऑफ कॉमर्स का हेल्थ अवेयरनेस सेशन, न्यूट्रिशन और डाइजेस्टिव हेल्थ पर विशेषज्ञों ने दी अहम सलाह

सूरत। सदर्न गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा रविवार, 19 अप्रैल, 2026 को नानपुरा स्थित समृद्धि भवन में ‘न्यूट्रिशन से डाइजेस्टिव हेल्थ तक – एक हेल्दी और प्रोडक्टिव इंडिया बनाना’ विषय पर एक जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को बेहतर स्वास्थ्य, संतुलित आहार और जीवनशैली के प्रति जागरूक करना था।

चैंबर के अध्यक्ष श्री निखिल मद्रासी ने स्वागत संबोधन में कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में लोग अपने स्वास्थ्य को नजरअंदाज कर रहे हैं, जिसके कारण कई बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ मानव संसाधन ही देश के विकास की नींव है और ऐसे कार्यक्रम समाज में जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में विशेषज्ञ वक्ता के रूप में क्लिनिकल डाइटीशियन एवं मेडिकल न्यूट्रिशन थेरेपिस्ट सुश्री रोशनी पीठावाला ने ‘हेल्दी लोग, हेल्दी इंडिया’ विषय पर मार्गदर्शन दिया।

उन्होंने संतुलित और पौष्टिक आहार को शरीर की ऊर्जा और इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए आवश्यक बताया। साथ ही फास्ट फूड से दूर रहकर ताजा और घर का बना भोजन अपनाने की सलाह दी।

सीनियर एनोरेक्टल सर्जन डॉ. भाविन भुवा ने पाइल्स, फिशर और फिस्टुला जैसी एनोरेक्टल बीमारियों के बढ़ते मामलों पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि खराब खान-पान और असंतुलित जीवनशैली इन बीमारियों का मुख्य कारण है, इसलिए समय पर जांच और उपचार बेहद जरूरी है।

वहीं, डॉ. नरेश चौवाटिया ने इन बीमारियों के इलाज, घरेलू उपायों और लाइफस्टाइल मैनेजमेंट पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने नियमित व्यायाम, पर्याप्त पानी पीने, स्वच्छता बनाए रखने और संतुलित आहार अपनाने पर जोर दिया। साथ ही, किसी भी समस्या में डॉक्टर की सलाह लेना आवश्यक बताया।

चैंबर ग्रुप के चेयरमैन श्री राकेश गांधी ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की, जबकि इंडस्ट्रियल वर्कर्स हेल्थ कमेटी के को-चेयरमैन श्री निखिल वघासिया ने सत्र का संचालन किया। अंत में उन्होंने उपस्थित सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।

Tags: SGCCI