सूरत : भीषण गर्मी में राहत: सूरत में रेड क्रॉस द्वारा “पानी की परब” का शुभारंभ
तीन माह तक चलेगी निःशुल्क जल सेवा, शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगाए गए सेवा केंद्र
भीषण गर्मी को देखते हुए रेड क्रॉस सोसायटी गुजरात राज्य के मार्गदर्शन में रेड क्रॉस सोसायटी चोर्यासी शाखा द्वारा सूरत में “पानी की परब” (जल सेवा) का शुभारंभ किया गया। इस पहल का उद्देश्य गर्मी के दौरान आमजन को राहत प्रदान करना है।
गुजरात रेड क्रॉस सोसायटी राज्य शाखा के अजयभाई पटेल की दूरदर्शिता के चलते यह सेवा राज्य की विभिन्न जिला एवं तालुका शाखाओं के माध्यम से शुरू की गई है, ताकि रेड क्रॉस को गुजरात और देशभर में अग्रणी स्थान दिलाया जा सके। यह निःशुल्क जल सेवा आगामी तीन महीनों तक निरंतर जारी रहेगी।
सूरत शहर में इस अभियान के तहत सूरत, बारडोली, मांडवी सहित कई स्थानों पर जल सेवा केंद्र स्थापित किए गए हैं। विशेष रूप से फूलपाड़ा बस स्टेशन रोड पर आज से “पानी की परब” की शुरुआत की गई, जहां राहगीरों और जरूरतमंदों को ठंडा पानी उपलब्ध कराया जा रहा है।
इस अवसर पर रेड क्रॉस सोसायटी चोर्यासी शाखा के चेयरमैन डॉ. प्रफुलभाई शिरोया, हितेशभाई प्रजापति, किशोरभाई, डॉ. राज किशोर बेहेरा, लोकदृष्टि HIV/AIDS के हीरेनभाई गजेरा, सक्षम सूरत महानगर के सदस्य, दिनेशभाई जोगाणी (रेड क्रॉस चोर्यासी तालुका शाखा), लोकदृष्टि चक्षु बैंक के उपाध्यक्ष, उमेशभाई सेंजलिया (कतारगाम GIDC एसोसिएशन), रमेशभाई राठौड़ (नवरंग फ्रेमिंग), महेशभाई (अमूल्य विश्व सूरत) तथा विजयभाई देसाई (प्रमुख, कतारगाम GIDC एसोसिएशन) उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों ने रेड क्रॉस सोसायटी की इस मानवतावादी पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए अत्यंत उपयोगी कदम बताया और शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
