सूरत : परमार्थ फाउंडेशन की कोमलबेन बचकानीवाला ने मरीज़ों की सेवा कर मनाया जन्मदिन
पुरानी सिविल हॉस्पिटल में बच्चों को खिलौने, मरीज़ों को फल और महिलाओं को साड़ियां वितरित
सूरत। शहर में अपनी निस्वार्थ सेवा के लिए पहचानी जाने वाली परमार्थ फाउंडेशन की प्रमुख कोमलबेन बचकानीवाला ने इस वर्ष भी अपना जन्मदिन अनोखे और प्रेरणादायक अंदाज़ में मनाया।
उन्होंने जन्मदिन के अवसर पर जूनी सिविल हॉस्पिटल में मरीज़ों की सेवा कर समाज के प्रति अपनी संवेदनशीलता का परिचय दिया।
इस मौके पर हॉस्पिटल के पीडियाट्रिक वार्ड में भर्ती बच्चों को खिलौने वितरित किए गए, जिससे उनके चेहरों पर खुशी झलक उठी। वहीं, अस्पताल परिसर की स्वच्छता बनाए रखने वाली महिला सफाई कर्मचारियों को उनकी मेहनत के सम्मान में साड़ियां भेंट की गईं।
इसके अलावा, अस्पताल में भर्ती सभी मरीज़ों को फल वितरित किए गए तथा ज़रूरतमंद महिला मरीज़ों को भी साड़ियां प्रदान की गईं।
अस्पताल की सुपरिटेंडेंट डॉ. दिदिता श्रॉफ ने बताया कि आधुनिक तकनीक के इस दौर में भी अस्पताल बेहतर चिकित्सा सेवाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यहां प्रतिदिन 18 से 20 मोतियाबिंद ऑपरेशन किए जाते हैं और विभिन्न ओपीडी में 300 से अधिक मरीज़ इलाज का लाभ उठाते हैं।
नर्सिंग काउंसिल के इकबाल कड़ीवाला ने कहा कि शहर के बीच स्थित यह पुराना सिविल अस्पताल आम लोगों के लिए उम्मीद की किरण है। ऐसे सेवा कार्य मरीज़ों के मनोबल को बढ़ाते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि कोमलबेन बचकानीवाला हर साल अपना जन्मदिन और अन्य अवसर मरीज़ों के साथ मनाकर समाज सेवा की मिसाल पेश करती हैं।
इस अवसर पर अस्पताल के RMO डॉ. ओमकार चौधरी समेत डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ भी उपस्थित रहे। कोमलबेन की यह पहल समाज में सेवा और मानवता का सशक्त संदेश देती है।
