सूरत : नंदूबा इंग्लिश एकेडमी का सीबीएससी 10 वीं का 100 प्रतिशत रिजल्ट, छात्रों का शानदार प्रदर्शन
टॉप तीन छात्रों को मिली फ्री स्कॉलरशिप और नकद पुरस्कार, स्कूल में जश्न का माहौल
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएससी) द्वारा घोषित कक्षा 10वीं के परीक्षा परिणामों में इस वर्ष कुल पास प्रतिशत 90.79 प्रतिशत दर्ज किया गया। इस बीच सूरत के अलथान क्षेत्र स्थित नंदूबा इंग्लिश एकेडमी स्कूल ने 100 प्रतिशत परिणाम हासिल कर उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है।
स्कूल के छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शैक्षणिक गुणवत्ता का परिचय दिया। परिणामों में पांच छात्रों ने A-1 ग्रेड, नौ छात्रों ने A-2 ग्रेड और सात छात्रों ने B-1 ग्रेड प्राप्त कर स्कूल का नाम रोशन किया।
मेधावी छात्रों में हेमांगी दायमा ने 96 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं विश्व पटेल ने 92.20 प्रतिशत के साथ दूसरा स्थान और छवि अग्रवाल ने 92 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। इन तीनों छात्रों को स्कूल प्रबंधन द्वारा फ्री स्कॉलरशिप और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान नंदूबा इंग्लिश एकेडमी के ट्रस्टी मैनेजमेंट और सीबी पटेल ग्रुप के पंकजभाई गिजुभाई पटेल द्वारा प्रदान किया गया, जिन्होंने छात्रों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रोत्साहित किया।
स्कॉलरशिप वितरण के लिए स्कूल परिसर में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें स्कूल के प्रेसिडेंट पंकजभाई गिजुभाई पटेल और प्रिंसिपल डॉ. मोनिका शर्मा उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान छात्रों का मुंह मीठा कराकर उनका उत्साहवर्धन किया गया और उन्हें आगे भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया गया।
