सूरत में लघु उद्योग भारती की बैठक, इंडियन इंडस्ट्रियल फेयर 2026 की तैयारियों को मिली गति

गांधीनगर में अक्टूबर में होगा भव्य आयोजन, देशभर के उद्योगों को मिलेगा मंच

सूरत में लघु उद्योग भारती की बैठक, इंडियन इंडस्ट्रियल फेयर 2026 की तैयारियों को मिली गति

लघु उद्योग भारती द्वारा सूरत में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में ‘इंडियन इंडस्ट्रियल फेयर उद्यम 2026’ के सफल आयोजन को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई। यह भव्य औद्योगिक मेला आगामी 23 से 26 अक्टूबर 2026 तक गांधीनगर के हेलीपैड ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा। बैठक में संगठन के पदाधिकारियों और उद्यमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए इस मेले को गुजरात क्षेत्र का सबसे बड़ा औद्योगिक एक्सपो बनाने के लिए विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।

इस अवसर पर पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष वजू भाई वघासिया ने कहा कि यह औद्योगिक मेला देशभर के लघु एवं मध्यम उद्योगों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर साबित होगा। इससे नए व्यापारिक संबंध स्थापित होंगे और निवेश के नए द्वार खुलेंगे।

बैठक में गुजरात अध्यक्ष ईश्वर पटेल, कर्णावती विभाग अध्यक्ष रमेश ठुमर, कर्णावती संभाग उपाध्यक्ष एवं सूरत शहर अध्यक्ष रामावतार पारीक, सूरत उपाध्यक्ष रमेश राठी, सूरत महामंत्री सतीश सवानी, संयुक्त महामंत्री पंकज शर्मा, कोषाध्यक्ष विनोद सारस्वत सहित वीरेंद्र राजावत और परेश लठिया सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

मेले में इंजीनियरिंग, टेक्सटाइल, फार्मा, ग्रीन एनर्जी, डेयरी, पैकेजिंग, ऑटोमोबाइल, एग्रीकल्चर, इलेक्ट्रॉनिक्स, फूड एवं बेवरेज, बिल्डिंग मटेरियल, प्लास्टिक और डिफेंस जैसे प्रमुख सेक्टर शामिल किए जाएंगे। बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने एकजुट होकर इस आयोजन को सफल बनाने का संकल्प लिया और इसे उद्योग जगत के लिए मील का पत्थर बनाने की दिशा में कार्य करने का भरोसा जताया।

Tags: Surat