सूरत : मारवाड़ी युवा मंच सूरत में नई कार्यकारिणी का गठन, अभिषेक खेतान बने अध्यक्ष

वार्षिक आम सभा में सर्वसम्मति से चयन, युवाओं को जोड़कर संगठन को नई दिशा देने का संकल्प

सूरत : मारवाड़ी युवा मंच सूरत में नई कार्यकारिणी का गठन, अभिषेक खेतान बने अध्यक्ष

मारवाड़ी युवा मंच – सूरत शाखा की वार्षिक आम सभा उत्साह, एकजुटता और संगठनात्मक ऊर्जा के साथ संपन्न हुई। इस दौरान वर्ष 2026–2027 के लिए नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन किया गया, जिसमें अभिषेक खेतान को अध्यक्ष, सुषांत बजाज को सचिव और कौशल गोयल को कोषाध्यक्ष चुना गया।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष अभिषेक खेतान ने अपने संबोधन में कहा कि यह दायित्व उनके लिए केवल एक पद नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और नेतृत्व का संकल्प है। उन्होंने विश्वास जताया कि सदस्यों के सहयोग, वरिष्ठजनों के मार्गदर्शन और युवा शक्ति की ऊर्जा के बल पर संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा।

उन्होंने आगे कहा कि सामाजिक सेवा, सांस्कृतिक गतिविधियों और संगठनात्मक विकास को प्राथमिकता देते हुए मंच को अधिक सक्रिय, प्रभावी और सशक्त बनाया जाएगा। साथ ही युवाओं को संगठन से जोड़कर उसे नई दिशा और गति देने का भी संकल्प व्यक्त किया।

इस अवसर पर प्रांतीय अध्यक्ष अजय अग्रवाल, संरक्षक रंजीत चौधरी, पूर्व अध्यक्ष प्रकाश सुल्तानिया, राहुल बजाज, प्रकाश बिंदल तथा वर्तमान अध्यक्ष गणेश अग्रवाल सहित कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने नवगठित टीम को शुभकामनाएं देते हुए संगठन के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और हर संभव सहयोग व मार्गदर्शन देने का आश्वासन दिया।

Tags: Surat