लखनऊ पर शानदार जीत के बाद ड्रेसिंग रूम में गरजे विराट कोहली

टीम के आक्रामक रवैये को सराहा, साथ ही बल्लेबाजी में मिडिल ऑर्डर कोलैप्स पर जताई कड़ी नाराजगी

लखनऊ पर शानदार जीत के बाद ड्रेसिंग रूम में गरजे विराट कोहली

बेंगलुरु, 17 अप्रैल (वेब वार्ता)। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मिली पांच विकेट की धमाकेदार जीत के बाद ड्रेसिंग रूम में टीम को संबोधित किया।

आरसीबी द्वारा साझा किए गए वीडियो में कोहली ने खिलाड़ियों के पेशेवर अंदाज और आक्रामक खेल की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि टीम ने मैच की शुरुआत से ही विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखा और फिल सॉल्ट के आउट होने के बाद जिस तरह से पलटवार किया, उसने लखनऊ को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। इस जीत के साथ आरसीबी 5 मैचों में 4 जीत दर्ज कर अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई है।

मैच में 147 रनों के लक्ष्य को आरसीबी ने महज 15.1 ओवर में हासिल कर लिया, लेकिन कोहली टीम के कुछ क्षेत्रों में प्रदर्शन से पूरी तरह संतुष्ट नजर नहीं आए। पूर्व कप्तान ने स्पष्ट शब्दों में कहा, “मुझे बैटिंग कोलैप्स होते देखना कतई पसंद नहीं है।”

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि जिस तरह की शुरुआत टीम को मिली थी, उसके आधार पर यह मुकाबला दो या तीन विकेट खोकर ही खत्म हो जाना चाहिए था। कोहली ने मध्यक्रम में जल्दी-जल्दी गिरे विकेटों को लेकर चिंता जताई और बल्लेबाजों को भविष्य में ज्यादा जिम्मेदारी से खेलने की नसीहत दी।

अनुभवी कोहली ने रजत पाटीदार की पारी की प्रशंसा करते हुए कहा कि दबाव के पलों में रजत ने सही शॉट्स चुनकर मैच में टीम की पकड़ मजबूत रखी।

उन्होंने रोमारियो शेफर्ड को बल्लेबाजी का मौका मिलने और मैच फिनिश करने पर भी खुशी जाहिर की। कोहली ने अंत में टीम को प्रेरित करते हुए कहा कि एक-एक कर सभी खिलाड़ियों को अपनी भूमिका निभाने का मौका मिल रहा है, जो टूर्नामेंट के लंबे सफर के लिए अच्छा संकेत है।

आरसीबी अब अपने अगले मुकाबलों में इसी लय और अनुशासन को बरकरार रखते हुए खिताब की ओर कदम बढ़ाने के लिए तैयार है।