सूरत में गूंजा नवकार महामंत्र का महाजाप, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने किया वर्चुअल संबोधन, किया विश्व शांति का आह्वान
10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं की उपस्थिति में भव्य आयोजन सफल, 108 देशों में 10 करोड़ लोगों की भागीदारी के लक्ष्य के साथ किया गया आयोजन
सूरत। विश्व शांति, अहिंसा और आध्यात्मिक एकता का संदेश देने वाले विश्व नवकार महामंत्र दिवस के अवसर पर गुरुवार को सूरत में भव्य सामूहिक महाजाप सफलतापूर्वक आयोजित किया गया।
जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन (JITO) सूरत द्वारा इंडोर स्टेडियम में सुबह 7:29 से 9:36 बजे तक आयोजित इस कार्यक्रम में 10 हजार से अधिक श्रद्धालु शामिल हुए, जिससे पूरा परिसर नवकार मंत्र के गूंज से भक्तिमय हो गया।
इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह वर्चुअली जुड़े और अपने संबोधन में कहा कि नवकार मंत्र किसी व्यक्ति विशेष का स्मरण नहीं, बल्कि पद और गुणों की आराधना है।
उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति गुणों की पूजा करता है, वे गुण स्वतः उसके जीवन में आते हैं। नवकार मंत्र मानव जीवन को श्रेष्ठता की ओर ले जाने वाला मार्ग है और आज के अशांत वातावरण में “सव्व पावप्पणासणो” और “मंगलाणं च सव्वेसिं” जैसे संदेश पूरी मानवता के लिए कल्याणकारी हैं।
उन्होंने नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए इस पवित्र मंत्र की शक्ति को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।
सूरत के इंडोर स्टेडियम में आयोजित इस कार्यक्रम में शहर के कई गणमान्य नागरिक और समाज के अग्रणी लोग भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने एक स्वर में महाजाप कर विश्व शांति, सौहार्द और अहिंसा का संदेश दिया। गच्छाधिपति, आचार्य भगवंत, साध्वीजी भगवंत सहित चतुर्विध संघ की पावन निश्रा में आयोजन सम्पन्न हुआ। सूरत के सभी जैन संघों, समाज के पदाधिकारियों, JITO के सदस्यों और पूरे जैन समाज की उपस्थिति ने इस आयोजन को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान मनन संघवी, ध्वनिल केसुडिया और बाल कलाकार विवान बाफना की प्रस्तुतियों ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। साथ ही शासन भक्ति के विशेष आयोजन ने पूरे वातावरण को और अधिक प्रेरणादायक बना दिया।
JITO सूरत के अनुसार इस वर्ष विश्व नवकार महामंत्र दिवस 108 से अधिक देशों में मनाया गया, जिसमें लगभग 10 करोड़ लोगों की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया था।
यह पूरा आयोजन मिलन पारिख (चेयरमैन), मितेश गांधी (चीफ सेक्रेटरी), ललित शाह, निरव शाह और प्रकाश डूंगाणी के नेतृत्व में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
आयोजकों ने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग और उत्साह से इस कार्यक्रम को नई ऊंचाइयां मिली हैं। इस महाजाप के माध्यम से “एक भावना, एक उद्देश्य, एक विश्व, एक स्पंदन, एक मंत्र” का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया।
