सूरत : सचिन GIDC में नकली घी फैक्ट्री का भंडाफोड़, 2000 किलो से ज्यादा माल जब्त

 1 किलो शुद्ध घी से 15 किलो मिलावटी घी बनाने का खुलासा, SOG की बड़ी कार्रवाई में लाखों की मशीनरी और कैश बरामद

सूरत : सचिन GIDC में नकली घी फैक्ट्री का भंडाफोड़, 2000 किलो से ज्यादा माल जब्त

सूरत । सूरत में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने सचिन GIDC क्षेत्र में चल रही एक नकली घी फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। ‘सबका फूड्स’ नाम से संचालित इस यूनिट में बड़े पैमाने पर मिलावटी घी तैयार कर बाजार में सप्लाई किया जा रहा था।

जांच में सामने आया कि आरोपी मात्र 1 किलो शुद्ध घी में वनस्पति घी, पामोलिन तेल और केमिकल एसेंस मिलाकर करीब 15 किलो नकली घी तैयार करते थे। इस मिश्रण में रंग और खुशबू इस तरह मिलाई जाती थी कि यह असली देसी घी जैसा दिखाई और महकता था।

पुलिस ने मौके से 2000 किलो से अधिक संदिग्ध घी, लाखों रुपये की मशीनरी और लगभग 35.81 लाख रुपये नकद जब्त किए हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में पैकेजिंग सामग्री, ब्रांडेड स्टिकर और कंटेनर भी बरामद हुए हैं।

यह नकली घी ‘विदुर’ ब्रांड के नाम से बेचा जा रहा था और इसकी सप्लाई सूरत के अलावा गुजरात के अन्य जिलों और दूसरे राज्यों में भी की जा रही थी। 100 एमएल के छोटे पाउच से लेकर 15 किलो के बड़े कैन तक में इसकी पैकेजिंग की जाती थी।

मामले में दो मुख्य आरोपियों—भरत पोलरा और अमीन वाधवानिया—के नाम सामने आए हैं, जिन्होंने मजदूरों के जरिए संगठित तरीके से यह नेटवर्क खड़ा किया था। आरोपियों ने वैधता का आभास देने के लिए फूड सेफ्टी लाइसेंस भी ले रखा था।

छापेमारी के दौरान फूड एंड ड्रग्स विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर सैंपल लिए गए, जिन्हें जांच के लिए लैब भेजा गया है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, इस तरह का मिलावटी घी लंबे समय में गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यापारियों की तलाश की जा रही है।

Tags: Surat