सूरत : करियर गाइडेंस फेस्टिवल में छात्रों को मिली सही दिशा, विशेषज्ञों ने बताए करियर के विकल्प

चैंबर के आयोजन में 10वीं और 12वीं के बाद करियर चुनने पर विस्तृत मार्गदर्शन, छात्रों-पेरेंट्स ने दूर किए सवाल

सूरत : करियर गाइडेंस फेस्टिवल में छात्रों को मिली सही दिशा, विशेषज्ञों ने बताए करियर के विकल्प

सूरत। सूरत में  सथर्न गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा आयोजित ‘करियर गाइडेंस फेस्टिवल’ के तहत छात्रों को करियर से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी और मार्गदर्शन प्रदान किया गया। यह कार्यक्रम 10 और 11 अप्रैल 2026 को समृद्धि, नानपुरा में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र और अभिभावक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में शिक्षण सर्वदा के एडिटर और करियर काउंसलर जयेश ब्रह्मभट्ट  ने 10वीं और 12वीं (साइंस व कॉमर्स) के बाद उपलब्ध करियर विकल्पों पर विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि 12वीं साइंस के बाद इंजीनियरिंग, मेडिकल, फार्मेसी, प्योर साइंस, रिसर्च, डिफेंस, डेटा साइंस और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे क्षेत्रों में व्यापक संभावनाएं हैं।

उन्होंने छात्रों को सलाह दी कि वे केवल पारंपरिक कोर्स तक सीमित न रहें, बल्कि अपनी रुचि, क्षमता और वर्तमान समय की मांग के अनुसार करियर का चयन करें। वहीं, 10वीं के बाद सही स्ट्रीम चुनने के महत्व पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि छात्रों को केवल अंकों के आधार पर नहीं, बल्कि अपनी रुचि और भविष्य के लक्ष्यों को ध्यान में रखकर निर्णय लेना चाहिए।

कॉमर्स स्ट्रीम के छात्रों के लिए भी उन्होंने B.Com, BBA, CA, CS, CMA, बैंकिंग, फाइनेंस और मैनेजमेंट के अलावा स्टार्टअप और एंटरप्रेन्योरशिप के क्षेत्र में बढ़ते अवसरों की जानकारी दी।

साथ ही उन्होंने डिजिटल मार्केटिंग, बिजनेस एनालिटिक्स जैसे नए क्षेत्रों की बढ़ती मांग पर भी प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने करियर से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका समाधान विशेषज्ञ द्वारा किया गया। यह सेशन छात्रों और अभिभावकों के लिए बेहद उपयोगी साबित हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत चैंबर के तत्कालीन अध्यक्ष विजय मेवावाला के स्वागत भाषण से हुई। इस अवसर पर एसजीसीसीआई एजुकेशन एंड स्किल डेवलपमेंट सेंटर के चेयरमैन महेश पमनानी, एजुकेशन एंड एकेडमिक कमेटी की को-चेयरपर्सन श्रीमती स्नेहा जरीवाला सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।