सूरत : SVNIT में राजस्थान दिवस 2026 का भव्य आयोजन, लोक संस्कृति से सराबोर हुआ परिसर

500 से अधिक विद्यार्थियों की उपस्थिति, घूमर-कालबेलिया की प्रस्तुतियों ने बांधा समां

सूरत : SVNIT में राजस्थान दिवस 2026 का भव्य आयोजन, लोक संस्कृति से सराबोर हुआ परिसर

सरदार वल्लभभाई नेशनल इन्स्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (SVNIT) में राजस्थान दिवस 2026 का भव्य एवं ऐतिहासिक आयोजन उत्साह और सांस्कृतिक रंगों के साथ सम्पन्न हुआ। राजस्थान कल्चरल एसोसिएशन (RCA) द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में 500 से 600 विद्यार्थियों की उल्लेखनीय भागीदारी रही, जहां राजस्थान की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली इतिहास की झलक देखने को मिली।

कार्यक्रम की शुरुआत में राजस्थान समाज के अध्यक्ष रहे स्वर्गीय विक्रम सिंह शेखावत को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। सभी उपस्थित जनों ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में सतीष पूनिया उपस्थित रहे। वहीं निधि सिवच एवं बलराम मीना  विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। संस्थान के निदेशक अनुराग शुक्ला  ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के लिए सांस्कृतिक जुड़ाव का सशक्त माध्यम बताया।

कार्यक्रम में राजस्थान की लोक संस्कृति को जीवंत करते हुए घूमर, कालबेलिया और चकरी जैसे पारंपरिक नृत्यों एवं लोकगीतों की आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं, जिसने पूरे परिसर को राजस्थानी रंग में रंग दिया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी संस्कृति के प्रति गर्व और जुड़ाव का अनुभव किया।

इस आयोजन को सफल बनाने में राजस्थान युवा संघ का विशेष सहयोग रहा। RCA के संस्थापक अवनीश मंडोवरा ने बताया कि संस्था का उद्देश्य विद्यार्थियों को अपनी जड़ों से जोड़ना और उन्हें एक सशक्त मंच प्रदान करना है। वहीं वर्तमान अध्यक्ष सचिन जाट के नेतृत्व में कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे, ताकि युवा पीढ़ी अपनी परंपराओं और संस्कृति से जुड़ी रहे।

Tags: Surat