आउट होने के बाद अपना आपा खो बैठे विराट कोहली, मैदान पर पटका हेलमेट और ग्लव्स

आचार संहिता के उल्लंघन पर लग सकता है भारी जुर्माना

आउट होने के बाद अपना आपा खो बैठे विराट कोहली, मैदान पर पटका हेलमेट और ग्लव्स


मुंबई, 13 अप्रैल (वेब वार्ता)। वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस के खिलाफ मिली शानदार जीत के बावजूद रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली चर्चा के केंद्र में हैं।

मैच के दौरान हार्दिक पांड्या की फुल टॉस गेंद पर कैच आउट होने के बाद कोहली बेहद निराश नजर आए। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में देखा जा सकता है कि पवेलियन लौटते समय बाउंड्री लाइन पर उन्होंने गुस्से में अपने ग्लव्स और हेलमेट को जमीन पर पटक दिया।

हालांकि कोहली ने 38 गेंदों में 50 रनों की अहम पारी खेली, लेकिन जिस तरह से वे आउट हुए, उसकी हताशा उनके व्यवहार में साफ नजर आई।
कोहली की इस हरकत के बाद अब उन पर बीसीसीआई (BCCI) द्वारा अनुशासनात्मक कार्रवाई का खतरा मंडरा रहा है।

आईपीएल आचार संहिता के आर्टिकल 2.2 के तहत, मैच के दौरान क्रिकेट उपकरण या मैदान पर मौजूद सामान को नुकसान पहुंचाना लेवल-1 का अपराध माना जाता है।

खेल विशेषज्ञों का मानना है कि इस व्यवहार के लिए कोहली पर मैच फीस का 10 से 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया जा सकता है और उनके खाते में एक डीमैरिट अंक भी जोड़ा जा सकता है। फिलहाल मैच रेफरी की आधिकारिक रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके बाद सजा का फैसला होगा।

विवादों के बीच विराट कोहली ने एक बड़ी उपलब्धि भी अपने नाम की है। वह मुंबई इंडियंस के खिलाफ 1000 रन (आईपीएल और चैंपियंस लीग मिलाकर) पूरे करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं।

कोहली ने अब तक मुंबई के विरुद्ध 37 मैचों में 1030 रन बनाए हैं। मैच की बात करें तो आरसीबी ने फिल साल्ट (78) और कप्तान रजत पाटीदार (53) की आक्रामक पारियों की बदौलत 240 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था।

जवाब में मुंबई की टीम 222 रन ही बना सकी और आरसीबी ने यह मुकाबला 18 रनों से जीतकर अपनी स्थिति मजबूत कर ली।