वडोदरा : रामाश्रय पाण्डेय ने पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक का पदभार संभाला

तीन दशक के अनुभव के साथ कई अहम पदों पर दे चुके हैं सेवाएं, अंतर्राष्ट्रीय प्रशिक्षण से भी हैं संपन्न

वडोदरा : रामाश्रय पाण्डेय ने पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक का पदभार संभाला

भारतीय रेल इंजीनियर्स सेवा (IRSE) के 1990 बैच के वरिष्ठ अधिकारी रामाश्रय पाण्डेय ने शुक्रवार, 10 अप्रैल 2026 को पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक का कार्यभार ग्रहण किया। इस महत्वपूर्ण नियुक्ति से पूर्व वे पूर्व मध्य रेलवे, पटना में मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण/दक्षिण) के पद पर कार्यरत थे।

अपने लंबे और उत्कृष्ट करियर के दौरान श्री पाण्डेय ने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है। वे उत्तर पूर्व रेलवे के वाराणसी मंडल में मंडल रेल प्रबंधक (DRM) तथा उत्तर रेलवे, नई दिल्ली में मुख्य इंजीनियर के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

इसके अलावा उन्होंने गोरखपुर और समस्तीपुर में उप मुख्य इंजीनियर, रेलवे बोर्ड में सदस्य इंजीनियरिंग के विशेष कार्याधिकारी (OSD), निदेशक सतर्कता तथा हाजीपुर में उप मुख्य सतर्कता अधिकारी जैसे अहम पदों पर भी कार्य किया है। वे रेल विकास निगम लिमिटेड (RVNL) में ग्रुप जनरल मैनेजर के रूप में भी कार्यरत रहे, जहां उन्होंने कई महत्वपूर्ण आधारभूत संरचना परियोजनाओं का सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित किया।

श्री पाण्डेय ने आईआईटी रुड़की से बी.टेक. तथा आईआईटी दिल्ली से एम.टेक. की डिग्री प्राप्त की है। उन्हें रेल परिचालन और आधारभूत संरचना प्रबंधन के क्षेत्र में व्यापक अंतर्राष्ट्रीय प्रशिक्षण भी प्राप्त है। उन्होंने इटली में ट्रैक रिकॉर्डिंग, सिंगापुर एवं मलेशिया में एडवांस्ड मैनेजमेंट प्रोग्राम, स्पेन में हाई-स्पीड ट्रेन परिचालन तथा तुर्की और नॉर्वे में सुरंग निर्माण तकनीकों का प्रशिक्षण हासिल किया है।

आधारभूत संरचना निर्माण, प्रबंधन और प्रशासन में उनके व्यापक अनुभव को देखते हुए यह विश्वास जताया जा रहा है कि उनके कुशल और गतिशील नेतृत्व में पश्चिम रेलवे नई उपलब्धियों को हासिल करते हुए प्रगति के नए आयाम स्थापित करेगी।

Tags: Vadodara