वडोदरा : गंभीरा ब्रिज खुलते ही बढ़ा ट्रैफिक, 24 घंटे में 15 हजार से अधिक बाइकर्स ने किया आवागमन

टू-व्हीलर और पैदल यात्रियों के लिए शुरू हुई सुविधा, सुरक्षा के कड़े इंतजाम; तय स्पीड लिमिट का पालन करने की अपील

वडोदरा : गंभीरा ब्रिज खुलते ही बढ़ा ट्रैफिक, 24 घंटे में 15 हजार से अधिक बाइकर्स ने किया आवागमन

पादरा के मुजपुर को अंकलाव से जोड़ने वाला गंभीरा ब्रिज पुनः शुरू होने के बाद क्षेत्र में आवागमन सुगम हो गया है। ब्रिज के चालू होते ही बाइकर्स को बड़ी राहत मिली है और प्रतिदिन हजारों लोग इसका उपयोग कर रहे हैं।

रोड्स एंड बिल्डिंग डिपार्टमेंट द्वारा किए गए ट्रैफिक सेंसस के अनुसार, 24 घंटे के भीतर इस ब्रिज से कुल 14,551 टू-व्हीलर गुजरे। इनमें से 7,252 बाइक वडोदरा से आनंद की ओर गईं, जबकि 7,299 बाइक आनंद से वडोदरा की दिशा में आईं। सुबह 7 बजे से 10 बजे तक और शाम 5 बजे से 6:30 बजे तक बाइकर्स के लिए पिक-अप आवर्स दर्ज किए गए।

वहीं पैदल यात्रियों की बात करें तो इसी अवधि में 1,182 लोग वडोदरा से आनंद की ओर और 1,305 लोग आनंद से वडोदरा की ओर ब्रिज पार करते देखे गए। पैदल आवागमन के लिए सुबह 9 बजे से 11 बजे तक का समय सबसे व्यस्त रहा।

गौरतलब है कि ब्रिज के एक हिस्से के गिरने के बाद रोड एंड बिल्डिंग डिपार्टमेंट ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लोहे के स्ट्रक्चर के माध्यम से टूटे हुए हिस्से को जोड़कर इसे टू-व्हीलर और पैदल यात्रियों के लिए शुरू किया है। इस कार्य में विश्वकर्मा इंजीनियरिंग का सहयोग लिया गया।

डिप्टी एग्जीक्यूटिव इंजीनियर अक्षय जोशी ने बताया कि ब्रिज को लोड टेस्टिंग सहित सभी आवश्यक प्रक्रियाओं के बाद ही चालू किया गया है। सुरक्षा के मद्देनजर ब्रिज के दोनों सिरों पर बैरिकेडिंग की गई है, CCTV से निगरानी रखी जा रही है तथा पुलिस, होमगार्ड और सिक्योरिटी स्टाफ तैनात किया गया है।

इसके अलावा, ब्रिज पर क्रैश बैरियर, रोड सेफ्टी साइनबोर्ड और लेन डिवाइड करने के लिए स्प्रिंग पोस्ट लगाए गए हैं। कलेक्टर के निर्देशानुसार इस मार्ग पर केवल टू-व्हीलर के आवागमन की अनुमति है। रोड्स एंड बिल्डिंग डिपार्टमेंट ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे ब्रिज पर निर्धारित स्पीड लिमिट का पालन करें, ताकि सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Tags: Vadodara