सूरत नगर निगम चुनाव: गुरूवार शाम को भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक, रात तक उम्मीदवारों की घोषणा संभव
30 वार्डों के लिए 120 उम्मीदवारों का चयन, कई सीटों पर नामों को लेकर गहमागहमी
सूरत। सूरत म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इसी कड़ी में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संसदीय बोर्ड की अहम बैठक गुरूवार 9 अप्रैल को दोपहर 2 बजे आयोजित की जाएगी, जिसमें उम्मीदवारों के नामों पर अंतिम मुहर लगने की संभावना है। विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, बैठक के बाद देर रात तक उम्मीदवारों की सूची जारी की जा सकती है।
जानकारी के मुताबिक, बैठक से पहले सांसदों और विधायकों की एक समन्वय बैठक भी आयोजित होगी, जिसमें सूरत के प्रभारी मंत्री एवं राज्य के वित्त मंत्री कनुभाई देसाई मौजूद रहेंगे।
सूरत नगर निगम के 30 वार्डों से कुल 120 उम्मीदवारों का चयन किया जाना है। कई वार्डों में टिकट वितरण को लेकर दावेदारों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा और गहमागहमी देखने को मिल रही है।
सूत्रों के अनुसार, चुनाव प्रक्रिया के तहत नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 11 अप्रैल तय की गई है, जबकि 26 अप्रैल को मतदान और 28 अप्रैल को मतगणना होगी।
इससे पहले भाजपा और चुनाव समिति द्वारा पर्यवेक्षकों (ऑब्जर्वर) की टीमें सूरत भेजी गई थीं, जिन्होंने विभिन्न वार्डों में संभावित उम्मीदवारों से बातचीत कर तीन से चार नामों का पैनल तैयार किया है। अब इन नामों पर अंतिम निर्णय संसदीय बोर्ड की बैठक में लिया जाएगा।
