सूरत में गैस-पेट्रोल सप्लाई को लेकर रिव्यू मीटिंग, नए PNG कनेक्शन पर ₹500 की छूट का ऐलान
GSPC की MD अवंतिका सिंह ने कहा—जिले में आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई पर्याप्त, PNG कनेक्शन प्रक्रिया भी हुई तेज
सूरत। सूरत में पेट्रोल, डीज़ल, गैस और अन्य आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए गुजरात स्टेट पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड की मैनेजिंग डायरेक्टर अवंतिका सिंह की अध्यक्षता में जिला सेवा सदन में एक महत्वपूर्ण रिव्यू मीटिंग आयोजित की गई।
बैठक में अवंतिका सिंह ने बताया कि वर्तमान में राज्य में गैस, पेट्रोल, डीज़ल और उर्वरक जैसी आवश्यक वस्तुएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं और भविष्य में भी सप्लाई सुचारू बनी रहे, इसके लिए सभी जरूरी इंतज़ाम किए गए हैं।
मिडिल ईस्ट के हालात को देखते हुए जिला प्रशासन और नगर निगम के बीच बेहतर समन्वय से सूरत में सप्लाई सिस्टम सुचारू रूप से चल रहा है।
उन्होंने जानकारी दी कि सूरत शहर में लगभग 15.20 लाख घरेलू PNG (पाइप्ड नेचुरल गैस) कनेक्शन हैं। गैस सप्लाई को और बढ़ावा देने के लिए 30 जून 2026 तक नए घरेलू PNG कनेक्शन लेने वाले उपभोक्ताओं को ₹500 की छूट दी जाएगी, जो कनेक्शन के बाद बिल में क्रेडिट के रूप में मिलेगी।
केंद्र सरकार की गाइडलाइन के अनुसार PNG कनेक्शन को प्राथमिकता दी जा रही है, खासकर घरों के साथ-साथ शैक्षणिक संस्थानों, अस्पतालों और सामुदायिक संस्थानों को प्राथमिकता में रखा गया है। जिले में कमर्शियल PNG के लिए आए 1805 आवेदनों में से कई अस्पतालों और रेलवे कैंटीन के आवेदन स्वीकृत किए जा चुके हैं।
जिला आपूर्ति अधिकारी दर्शन शाह ने बताया कि HPCL, BPCL और IOCL के डीलरों द्वारा 3 और 5 किलो के गैस सिलेंडरों की सप्लाई शुरू कर दी गई है। साथ ही PNG कनेक्शन की प्रक्रिया को सरल बनाते हुए 45 दिन की समय-सीमा घटाकर सिर्फ 7 दिन कर दी गई है।
बैठक में जिला कलेक्टर डॉ. सौरभ पारधी, नगर आयुक्त एम. नागराजन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और तेल-गैस कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस बैठक को जिले में आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई को और मजबूत बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
