वडोदरा : खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में मुकेश वसावा ने रचा इतिहास, कुश्ती में जीता सिल्वर मेडल

स्वर्णिम गुजरात स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के पहलवान ने राष्ट्रीय मंच पर बढ़ाया राज्य का गौरव, गुजरात को दिलाया पहला पदक

वडोदरा : खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में मुकेश वसावा ने रचा इतिहास, कुश्ती में जीता सिल्वर मेडल

छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में आयोजित देश के पहले ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स’ (नेशनल ट्राइबल गेम्स) में वडोदरा स्थित स्वर्णिम गुजरात स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के कुशल पहलवान मुकेश वसावा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल जीतकर इतिहास रच दिया। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का आयोजन स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया द्वारा किया गया था, जिसमें देशभर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।

मुकेश वसावा ने अपनी उत्कृष्ट कुश्ती कौशल का प्रदर्शन करते हुए पूरे देश में दूसरा स्थान हासिल किया और रजत पदक अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि को न केवल व्यक्तिगत सफलता, बल्कि गुजरात राज्य के लिए भी एक ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है।

स्वर्णिम गुजरात स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के शारीरिक शिक्षा एवं खेल निदेशक प्रो. (डॉ.) रणछोड़ राठवी ने बताया कि ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स’ जैसे राष्ट्रीय स्तर के आयोजन में कुश्ती स्पर्धा में पदक जीतना गुजरात के लिए पहली बार है। उन्होंने कहा कि मुकेश की इस सफलता ने विश्वविद्यालय और राज्य दोनों का मान-सम्मान राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया है।

इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. मनीष रावल, प्रो. (डॉ.) रणछोड़ राठवी सहित पूरे विश्वविद्यालय परिवार ने मुकेश वसावा को बधाई दी। मुकेश के कोच गौतमभाई देसाई के मार्गदर्शन को भी इस सफलता का महत्वपूर्ण आधार बताया गया। विश्वविद्यालय प्रशासन ने मुकेश की इस उपलब्धि को राज्य के अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Tags: Vadodara