वडोदरा : पश्चिम रेलवे ने रचा इतिहास, विविध राजस्व में रु.1,350 करोड़ की रिकॉर्ड आय

23% की वृद्धि के साथ लगातार तीसरे वर्ष रु.1000 करोड़ का आंकड़ा पार, गैर-किराया आय बढ़ाने पर विशेष फोकस

वडोदरा : पश्चिम रेलवे ने रचा इतिहास, विविध राजस्व में रु.1,350 करोड़ की रिकॉर्ड आय

पश्चिम रेलवे ने वित्तीय वर्ष 2025–26 के दौरान विविध राजस्व सृजन के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए रु.1,350 करोड़ की अब तक की सर्वाधिक आय दर्ज की है। यह उपलब्धि पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में 23 प्रतिशत की मजबूत वृद्धि को दर्शाती है। साथ ही, यह लगातार तीसरा वर्ष है जब पश्चिम रेलवे ने विविध राजस्व के क्षेत्र में रु.1000 करोड़ का आंकड़ा पार किया है।

पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी विनीत अभिषेक द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, विविध राजस्व में मुख्य परिवहन सेवाओं के अतिरिक्त विभिन्न स्रोतों से प्राप्त आय शामिल होती है। इस क्षेत्र में पश्चिम रेलवे का उत्कृष्ट प्रदर्शन राजस्व स्रोतों के विविधीकरण और परिसंपत्तियों के बेहतर उपयोग की दिशा में किए गए प्रयासों का परिणाम है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस राजस्व में प्रमुख योगदान प्रॉपर्टी डेवलपमेंट, भूमि एवं भवन किराया, वे-लीव शुल्क, साइडिंग रखरखाव शुल्क, विज्ञापन, पार्किंग और कैटरिंग सेवाओं से मिला है। इसके अलावा गैर-रेलवे संस्थाओं से पुराने बकाया की वसूली, अनक्लेम्ड जमा राशि, दंड, जुर्माना, ब्याज, निरीक्षण शुल्क और अन्य विविध मदों से भी आय प्राप्त हुई है।

रेलवे के विभिन्न विभागों के समन्वित और परिणाम-केंद्रित प्रयासों के माध्यम से गैर-किराया राजस्व आधार को लगातार मजबूत किया जा रहा है। यह रिकॉर्ड आय न केवल सुदृढ़ वित्तीय प्रबंधन का प्रमाण है, बल्कि राजस्व बढ़ाने के लिए नवाचार और संसाधनों के इष्टतम उपयोग के प्रति पश्चिम रेलवे की प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।

Tags: Vadodara