वडोदरा में ‘अदिति AI लैब’ का शुभारंभ, AI इंजीनियरों की नई पीढ़ी तैयार करने की पहल
12 माह के अप्रेंटिसशिप प्रोग्राम के जरिए युवाओं को मिलेगी प्रैक्टिकल ट्रेनिंग, इंडस्ट्री-रेडी स्किल्स पर फोकस
डिजिटल इंजीनियरिंग सेक्टर की अग्रणी टेक कंसल्टिंग कंपनी AI पावर ने वडोदरा में ‘अदिति AI लैब’ का शुभारंभ किया है। इस पहल का उद्देश्य एक संरचित अप्रेंटिसशिप करिकुलम के माध्यम से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) इंजीनियरों की नई पीढ़ी तैयार करना है।
लॉन्च कार्यक्रम में उद्योग जगत की कई प्रमुख हस्तियों ने भाग लिया। इनमें हिमांशु पटेल (सीनियर वाइस प्रेसिडेंट, वडोदरा चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री), गौरांग पी. जोशीपुरा (चेयरमैन, CII सेंट्रल गुजरात ज़ोन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर, ज़ेपेलिन सिस्टम्स इंडिया प्रा. लि.) और मयंक आर. ब्रह्मभट्ट (चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर, जेट4सी साइबरशील्ड टेक्नोलॉजीज प्रा. लि.) प्रमुख रूप से शामिल रहे। सभी वक्ताओं ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सिक्योरिटी और टेक्नोलॉजी-आधारित नवाचारों की बढ़ती अहमियत पर अपने विचार व्यक्त किए।
अदिति AI लैब का मुख्य उद्देश्य गुजरात के युवा इंजीनियरों को व्यावहारिक AI कौशल से सुसज्जित करना और उन्हें उचित मेंटरशिप प्रदान करना है। इसके तहत 12 महीने का विशेष AI अप्रेंटिसशिप प्रोग्राम तैयार किया गया है, जो इंजीनियरिंग स्नातकों को इंडस्ट्री के लिए तैयार प्रोफेशनल्स में बदलने पर केंद्रित है।
इस प्रोग्राम में प्रतिभागियों को रियल-वर्ल्ड AI सिस्टम्स विकसित करने की हैंड्स-ऑन ट्रेनिंग दी जाएगी। साथ ही उन्हें टेलीकॉम, फिनटेक और मैन्युफैक्चरिंग जैसे विभिन्न क्षेत्रों के प्रोजेक्ट्स पर काम करने का अवसर मिलेगा। प्रतिभागी डेटा इंजीनियरिंग, मॉडल डेवलपमेंट और ऑपरेशनल मॉडल्स के निर्माण से जुड़ी महत्वपूर्ण स्किल्स भी सीखेंगे।
अदिति कंसल्टिंग के इंडिया कंट्री हेड रमना वडावल्ली ने कहा कि आज के दौर में वैश्विक स्तर पर एंटरप्राइज़ AI के चलते टेक्नोलॉजी सिस्टम्स को डिजाइन, विकसित और संचालित करने के तरीकों में बदलाव आ रहा है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि AI का वास्तविक प्रभाव उन इंजीनियरों पर निर्भर करता है, जो इन सिस्टम्स को वास्तविक रूप देते हैं।
वहीं, कंपनी के डिजिटल इंजीनियरिंग के वाइस प्रेसिडेंट मानस महाराणा ने बताया कि AI लैब्स को एंटरप्राइज़-ग्रेड वातावरण के रूप में विकसित किया गया है, जहां युवा इंजीनियर प्रयोग, नवाचार और वास्तविक AI डिप्लॉयमेंट पर काम कर सकते हैं, जिससे व्यवसायिक परिणामों में सकारात्मक बदलाव संभव है।
