वडोदरा में घरेलू एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता, घबराकर बुकिंग न करें : कलेक्टर

ब्लैक मार्केटिंग और जमाखोरी रोकने के लिए मामलतदार स्तर पर टीमें गठित, गैस कंपनियों के साथ बैठक में स्थिति की समीक्षा

वडोदरा में घरेलू एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता, घबराकर बुकिंग न करें : कलेक्टर

 वैश्विक परिस्थितियों और केंद्र सरकार द्वारा आवश्यक सेवाओं को बनाए रखने के लिए एस्मा लागू किए जाने के बीच वडोदरा जिला प्रशासन ने घरेलू गैस आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा की है। कलेक्टर डॉ. अनिल धामेलिया ने स्पष्ट किया कि वडोदरा शहर और जिले में घरेलू एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और उपभोक्ताओं को घबराकर सिलेंडर बुक करने की आवश्यकता नहीं है।

बुधवार को कलेक्टर डॉ. अनिल धामेलिया और जिला आपूर्ति अधिकारी सुश्री गीता देसाई ने गैस उत्पादक कंपनियों, डिस्ट्रीब्यूटर्स और ममलतदारों के साथ दो महत्वपूर्ण बैठकों का आयोजन कर स्थिति का आकलन किया। बैठकों में इंडियन ऑयल (IOCL), भारत पेट्रोलियम (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) के अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में कलेक्टर ने बताया कि जिले में एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता के आधार पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएंगे। प्रत्येक उपभोक्ता को लगभग 25 दिनों के अंतराल पर सिलेंडर दिए जाएंगे और इसके लिए ऑनलाइन बुकिंग करनी होगी। जिले में एलपीजी वितरण करने वाली 52 एजेंसियों के साथ भी बैठक कर उन्हें आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन ने ब्लैक मार्केटिंग और जमाखोरी पर रोक लगाने के लिए ममलतदार स्तर पर विशेष टीमें गठित की हैं, जो फील्ड स्तर पर नियमित निगरानी रखेंगी। जिला आपूर्ति विभाग भी लगातार स्टॉक की स्थिति की समीक्षा कर रहा है। यदि कहीं भी गड़बड़ी, डायवर्जन या अवैध बिक्री पाई जाती है तो संबंधित कानूनों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर ने बताया कि वडोदरा शहर और जिले में वर्तमान में लगभग 5.44 लाख घरेलू गैस कनेक्शन और करीब 12 हजार कमर्शियल गैस कनेक्शन हैं। फिलहाल इंडियन ऑयल द्वारा प्रतिदिन लगभग 6 हजार, एचपीसीएल द्वारा 5 हजार और बीपीसीएल द्वारा 3700 सिलेंडर भरे जा रहे हैं। सामान्य दिनों में प्रतिदिन करीब 8 हजार बुकिंग मिलती हैं, जबकि तीनों कंपनियों की कुल फिलिंग क्षमता लगभग 14,700 सिलेंडर प्रतिदिन है।

उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में बाजार में फैली गलत जानकारी के कारण बुकिंग की संख्या बढ़कर लगभग 12 हजार प्रतिदिन हो गई है। ऐसे में उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और निर्धारित समय के अनुसार ही गैस सिलेंडर की बुकिंग करें। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि घरेलू गैस आपूर्ति को लेकर फिलहाल कोई चिंताजनक स्थिति नहीं है और पूरी व्यवस्था सतर्कता के साथ काम कर रही है।

Tags: Vadodara