वडोदरा : मंडल रेल प्रबंधक राजू भडके द्वारा कपडवंज एवं मोडासा स्टेशनों का निरीक्षण
जनप्रतिनिधियों व हितधारकों के साथ किया विस्तृत संवाद
परिचालन दक्षता की समीक्षा, आधारभूत संरचना के विकास कार्यों के मूल्यांकन के उद्देश्य से वडोदरा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक राजू भडके द्वारा आज, 24 फरवरी, 2026 को मंडल के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष के साथ तोरणा गुड्स शेड, कपडवंज रेलवे स्टेशन तथा मोडासा रेलवे स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने मोडासा रेलवे स्टेशन पर सांसद शोभनाबेन महेंद्रसिंह बरैया तथा अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद किया और परिचालन संबंधी मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की।
वडोदरा मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अनुभव सक्सेना द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार मंडल रेल प्रबंधक राजू भडके ने तोरणा गुड्स शेड में माल ढुलाई कार्यों की समीक्षा की तथा स्थानीय हितधारकों से संवाद किया। बैठक में उन्होंने ट्रेन परिचालन में सुधार, माल की सुगम आवाजाही, तथा उपयोगकर्ताओं द्वारा उठाए गए परिचालन संबंधी मुद्दों के समाधान पर चर्चा की गई। श्री भडके ने समयबद्ध लोडिंग एवं अनलोडिंग सुनिश्चित करने के लिए माल ग्राहकों के साथ बेहतर समन्वय पर बल दिया।
कपडवंज रेलवे स्टेशन के निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक राजू भडके ने मंडल के अधिकारियों सहित नगर पालिका के सदस्यों तथा स्थानीय नागरिकों के साथ बैठक की। बैठक में रोड अंडर ब्रिज (RUB) के चौड़ीकरण तथा संपर्क मार्गों के सुधार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई, जिससे यातायात सुगम हो सके और यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सके। श्री भडके ने आश्वासन दिया कि उठाए गए मुद्दों पर संबंधित प्राधिकरणों के साथ समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
मोडासा रेलवे स्टेशन पर मंडल रेल प्रबंधक राजू भडके ने सांसद शोभनाबेन महेंद्रसिंह बरैया, नगर पालिका के सदस्यों तथा एपीएमसी के प्रतिनिधियों के साथ संवाद किया। बैठक में नडियाद–शामलाजी रेल संपर्क को सुदृढ़ करने, सुरक्षा की दृष्टि से लेवल क्रॉसिंग (LC) गेटों के युक्तिकरण एवं बंद करने, गेहूं की लोडिंग, उर्वरक की अनलोडिंग तथा अन्य परिचालन संबंधी विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
श्री भडके ने दोहराया कि वडोदरा मंडल सुरक्षित, कुशल एवं यात्री-हितैषी रेल सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। यह दौरा जनप्रतिनिधियों, नागरिक निकायों एवं व्यापारिक हितधारकों के साथ सक्रिय सहभागिता का प्रतीक है, जिससे विकासात्मक एवं परिचालन संबंधी प्राथमिकताओं को समयबद्ध रूप से पूरा किया जा सके।
